नहीं मिल सका पीएससी को अध्यक्ष, परंपरा टूटी, पहली बार संविधान दिवस पर भर्ती विज्ञापन नहीं 

CGPSC Chairman Vacancy: रायपुर. छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग को संविधान दिवस तक नया अध्यक्ष नहीं मिल सका. इसके साथ ही संविधान दिवस अर्थात 26 नवंबर को मुख्य सेवा परीक्षा के लिए विज्ञापन जारी करने की पीएससी की परंपरा भी टूट गई.
CGPSC News

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग

रायपुर. छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग को संविधान दिवस तक नया अध्यक्ष नहीं मिल सका. इसके साथ ही संविधान दिवस अर्थात 26 नवंबर को मुख्य सेवा परीक्षा के लिए विज्ञापन जारी करने की पीएससी की परंपरा भी टूट गई. लोक सेवा आयोग के नियमानुसार, अध्यक्ष द्वारा ही नवीन भर्ती संबंधित विज्ञापन अथवा आदेश जारी किया जा सकता है, चूंकि यह पद रिक्त है,

इसलिए इस वर्ष मुख्य सेवा परीक्षा के लिए विज्ञापन जारी नहीं किया जा सका. पीएससी बीते तीन सालों से कार्यकारी अध्यक्ष के भरोसे संचालित हो रहा है. बीते तीन माह से आयोग के पास कार्यकारी अध्यक्ष भी नहीं है. पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष रीता शांडिल्य का कार्यकाल 8 सितंबर 2026 को समाप्त होने के बाद से आयोग में न तो नियमित अध्यक्ष है और न ही किसी को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है.

विज्ञापन तैयार है!

आयोग के सूत्रों के मुताबिक, मुख्य सेवा परीक्षा 2026 के लिए विभिन्न विभागों से प्राप्त आवेदन के आधार पर 150 से 155 पदों के लिए भर्ती निकाली जाएगी. इनमें डिप्टी कलेक्टर के 10 पद तथा डीएसपी के 5 पद हैं. इसके लिए विज्ञापन तैयार हो चुके हैं. पीएससी अध्यक्ष की नियुक्ति होते ही हस्ताक्षर पश्चात इसे जारी कर दिया जाएगा. बीते वर्ष 238 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया गया, जिसे बाद में बढ़ाकर 265 कर दिया गया था.

राजभवन में लंबित है प्रस्ताव

आयोग के नए अध्यक्ष की नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर राज्य सरकार के स्तर पर कार्रवाई आगे बढ़ाई गई है. शासन की ओर से सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी महादेव कांवड़े के नाम पर सहमति बनने की खबर है. नियुक्ति की निर्धारित प्रक्रिया के तहत राज्य सरकार ने प्रस्ताव तैयार कर अनुमोदन के लिए राजभवन भेजा है. राजभवन स्तर पर अनुमोदन प्रक्रिया पूरी होने के उपरांत ही नियुक्ति को लेकर आगे की औपचारिक कार्रवाई की जा सकेगी. नियमानुसार, नए अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए राजभवन का अनुमोदन जरूरी है. इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग नियुक्ति संबंधी आदेश जारी करेगा.

पुरानी भर्ती भी अटकी

अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होने के कारण राज्य सेवा परीक्षा-2025 के 265 पदों के लिए मुख्य परीक्षा पास कर चुके 608 अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार प्रक्रिया अब तक हैं. पुलिस विभाग के अंतर्गत एसआई भर्ती परीक्षा और करीब 5,000 सरकारी कर्मचारियों की पदोन्नति भी रुकी हुई है. अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़े प्रकरणों में विलंब से पात्र कर्मियों के सेवागत हित प्रभावित हो रहे हैं. समय पर पदोन्नति न मिलने से अधिकारियों और कर्मचारियों को वित्तीय एवं सेवागत लाभ समय पर प्राप्त नहीं हो पा रहे हैं.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें