तत्काल टिकट दलाल Update: देशभर के टिकट दलालों को छत्तीसगढ़ से सप्लाई हो रही थीं टिकटें, मिले पुख्ता सबूत
रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भारतीय रेलवे के तत्काल टिकटों की कालाबाजारी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के पर्दाफाश होने का खुलासा सबसे पहले विस्तार न्यूज ने किया था. अब इस मामले में कुछ और अहम जानकारी मिली है.
आरपीएफ को उच्च पदस्थ सूत्र बताते है कि इस मामले में अंबिकापुर की आरपीएफ ने टिकट दलाल प्रेम दुबे को रायपुर के माना से हिरासत में लिया है. उक्त आरोपी से पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए है. सूत्र बताते है कि आरोपी के पास से आरक्षण केंद्र में काम करने वाले कई स्टॉफ से साठ-गाठ के पुख्ता सबूत मिले है और इस मामले में आरपीएफ ने उनसे भी पूछताछ शुरू कर दी है.
इतना ही नहीं रेलवे कर्मचारियों के ट्रांजेक्शन भी आरपीएफ को मिले है जो कर्मचारियों ने अपने रिश्तेदारों के अकाउंट में मंगवाए है. सूत्र बताते है कि बिलासपुर और रायपुर रेल मंडल के कई रेलवे कर्मचारी इस पूरे खेल में जल्द गिरफ्तार हो सकते है.
इधर-उधर भागता रहा टिकट दलाल
आरपीएफ अंबिकापुर की टीम जब आरोपी टिकट दलाल को पकड़ने रायपुर पहुंची तो उक्त आरोपी पूरे दिन आरपीएफ से छिपते-छिपाते भागता रहा. लेकिन आरोपी ज्यादा देर तक आरपीएफ से बच नहीं सका और उसे माना क्षेत्र से पकड़ लिया गया.
रायपुर, ओडिशा समेत देशभर के कई एजेंट से होगी पूछताछ
इस पूरे मामले में उक्त टिकट दलाल से तत्काल टिकट बनवाने वाले कई अधिकृत एजेंट भी जल्द आरपीएफ की जद में आने वाले है. सूत्र के दावों पर यकीन करें तो आरोपी के पास से आरपीएफ को तमाम ये सुराग मिले है कि उससे देशभर के कई टिकट दलाल संपर्क में है और वे उन्हें छत्तीसगढ़ के विभिन्न आरक्षण केंद्रों से टिकट बनवाकर कोरियर के माध्यम से टिकट भेजता था.
आरपीएफ को बयान देने गए रेलवे कर्मचारी (आरोपी) के करीबी ने विस्तार न्यूज को बताया कि आरक्षण केंद्र में ड्यूटी करते हुए तत्काल टिकटों की कालाबाजारी और आरपीएफ के सामने उसकी चालाकी नहीं चली. सूत्र ने यहाँ तक दावा किया कि उक्त कर्मचारी अपने करीबी रेलवे स्टॉफ से ये दावा कर रहा था कि आरपीएफ के उच्च अधिकारियों से पूरे मामले के सेटलमेंट को लेकर बात हो गई है और अंबिकापुर आरपीएफ कोई कार्रवाई नहीं करेगी. लेकिन आरोपी की कोई चालाकी यहां नहीं चली और उसकी पोल खुल गई जब आरपीएफ को उक्त आरोपी से जुड़े पुख्ता सबूत मिले. इस मामले में रायपुर के अलावा ओडिशा के भी अधिकृत टिकट दलालों की कुंडली भी मिलने की खबर है.
इस खबर से जुड़ी ये खबर भी जरूर पढ़ेंः तत्काल टिकट का ‘माफिया’ RPF के हत्थे चढ़ा, रायपुर से देशभर में फैला था ये गोरखधंधा