CG News: छत्तीसगढ़ के स्कूलों में बदलाव, हर शनिवार होगा ‘गतिविधि दिवस’, कक्षा 6-8 के छात्रों को मिलेगी व्यावसायिक शिक्षा
School (File Image)
Activity Day on Every Saturday: छत्तीसगढ़ में स्कूली शिक्षा को और अधिक रोचक और व्यवहारिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. नए शिक्षा सत्र से अब हर शनिवार को बच्चों के लिए विशेष ‘गतिविधि दिवस’ मनाया जाएगा.
हर शनिवार होगा ‘गतिविधि दिवस’
छत्तीसगढ़ के स्कूलों में अब पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया जाएगा. स्कूल शिक्षा विभाग ने नया प्रयोग शुरू करते हुए हर शनिवार को गतिविधि दिवस लागू करने का निर्णय लिया है. बालवाड़ी, प्राथमिक और मिडिल स्कूलों में हर शनिवार को यह गतिविधि दिवस मनाया जाएगा, जिसमें बच्चों को किताबों से हटकर अनुभव आधारित सीख दी जाएगी. इस दौरान बच्चों को महापुरुषों की जयंती, प्रमुख त्योहारों, मेलों, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के बारे में जानकारी दी जाएगी. कला, खेल, योग, शारीरिक शिक्षा और व्यावसायिक कौशल आधारित गतिविधियों के जरिए बच्चों को सीखने का नया अनुभव मिलेगा.
कक्षा 6-8 के छात्रों को मिलेगी व्यावसायिक शिक्षा
स्थानीय विषय विशेषज्ञों और कला-संस्कृति से जुड़े लोगों को भी स्कूलों में आमंत्रित किया जाएगा, ताकि बच्चे अपने क्षेत्र की परंपराओं से जुड़ सकें. कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा से जोड़ने की भी योजना है, जिससे उन्हें भविष्य के लिए व्यावहारिक कौशल मिल सके. शिक्षा विभाग का मानना है कि यह पहल बच्चों की रचनात्मकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें पढ़ाई के प्रति अधिक रुचि और व्यवहारिक ज्ञान भी देगी.
ये भी पढ़ें- आज से पर्यटकों के लिए बंद हुए छत्तीसगढ़ के जंगल, इतने दिनों तक नहीं कर सकेंगे सफारी, जानिए वजह
16 जून से शुरू होगी पढ़ाई
प्रदेश की सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 16 जून से पढ़ाई शुरू हो जाएगी। वहीं 30 जून को शाला प्रवेश उत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान बच्चों को यूनिफॉर्म, किताबें और साइकिलें वितरित की जाएंगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्कूल शिक्षा मंत्री भी शामिल होंगे।