महादेव सट्टा ऐप केस में सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी पर CM साय का बयान, बोले- ये CBI की बड़ी सफलता
सीएम साय
CM Sai on Saurabh Chandrakar Arrest: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव सट्टा ऐप मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है. ऐप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को भारत लाया गया है. महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे बड़ी सफलता बताया है. दिल्ली रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि CBI मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही थी. सीएम ने इस कार्रवाई के लिए CBI और सभी केंद्रीय एजेंसियों को बधाई दी है.
सीएम साय जा रहे दिल्ली
बता दें, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज एक दिवसीय दिल्ली दौरे पर रहेंगे. तय कार्यक्रम के अनुसार सीएम साय सुबह रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे और इंडिगो की फ्लाइट से दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे. वह दोपहर करीब 11:50 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेंगे. वहां से कार से सीधे छत्तीसगढ़ सदन जाएंगे. दोपहर 12 बजे के बाद उनका केंद्रीय नेताओं से मिलने का कार्यक्रम प्रस्तावित है.
कल भारत लाया गया सौरभ
बता दें कि, बीते दिन छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव सट्टा ऐप मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है. ऐप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को भारत लाया गया है. CBI ने ओमान से उसका प्रत्यर्पण कराया है. ओमान पुलिस ने इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर सौरभ को हिरासत में लिया था. इसके बाद एजेंसी की टीम ओमान गई. सीबीआई कानूनी प्रक्रिया पूर करके उसे वापस भारत लेकर आई है.वहीं आज, सौरभ को रायपुर के विशेष CBI कोर्ट में पेश किया जाएगा. जिसके बाद मामले को लेकर बड़ा फैसला सामने आ सकता है.