चक्रवात अक्वान का छत्तीसगढ़ में दिखेगा असर, मौसम विभाग ने जारी किया भारी बारिश का अलर्ट
चक्रवात अक्वान का छत्तीसगढ़ में दिखेगा असर
Cyclone Aakuan Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है. बंगाल की खाड़ी में बना गहरा अवदाब अब खतरनाक रूप लेने जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार यह सिस्टम आज शाम तक चक्रवात अक्वान में तब्दील हो जाएगा. इसका असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिलेगा. खासकर बस्तर संभाग में 20 नवंबर को मौसम पूरी तरह बदल सकता है.प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.
20 नवंबर को आंध्र तट से टकराएगा
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, चक्रवात अक्वान 20 नवंबर को दोपहर के समय आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा. इसके नेल्लौर और तूनी के बीच लैंडफॉल करने की संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. तट से टकराने के बाद भी इसका असर आसपास के राज्यों में बना रहेगा छत्तीसगढ़, ओडिशा और तेलंगाना के कई इलाकों में इसका प्रभाव महसूस किया जाएगा.
बस्तर में दिखेगा सबसे ज्यादा असर
छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा असर बस्तर में देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने 20 नवंबर को सुकमा और बीजापुर में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है. इन दोनों जिलों में 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती है. बस्तर के बाकी जिलों में भी मौसम खराब रहेगा. जगदलपुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, कोंडागांव और कांकेर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. आसमान में बादल छाए रहेंगे और ठंड भी थोड़ी बढ़ सकती है.
सिर्फ बस्तर ही नहीं, 20 और 21 नवंबर को रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग में भी हल्की बारिश के आसार हैं. राजधानी रायपुर में बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है. तापमान में भी 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है.



