धमतरी में छुट्टी के बाद स्कूल में बंद रह गई पहली क्लास की छात्रा, ताला तोड़कर ग्रामीणों ने निकाला, कारण बताओ नोटिस जारी
धमतरी: छुट्टी के बाद स्कूल में बंद रह गई पहली क्लास की छात्रा
Dhamtari News: छत्तीसगढ़ के धमतरी से लापरवाही का अजब-गजब मामला सामने आया है. यहां एक सरकारी स्कूल में छुट्टी होने के बाद कमरे में ताला लगा दिया गया लेकिन एक छात्रा अंदर रह गई. परिजनों ने बच्ची को खोजना शुरू किया. इसके बाद ग्रामीणों ने ताला तोड़कर बच्ची को बाहर निकाला. मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, ये पूरा मामला 10 जुलाई का बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक स्कूल की छुट्टी के बाद सभी टीचर्स ताला लगाकर चले गए. पहली क्लास में पढ़ने वाली एक छात्रा कमरे में बंद रह गई. जब रात होने पर भी बच्ची घर नहीं पहुंची तो परिजनों को चिंता होने लगी. अभिभावकों ने बच्ची को खोजना शुरू कर दिया. गांव में इधर-उधर खोजने पर जब बच्ची नहीं मिली तो ग्रामीण स्कूल पहुंचे. ग्रामीणों ने ताला तोड़ा और बच्ची को कमरे से बाहर निकाला. घंटों तक कमरे में बंद छात्रा डरी-सहमी लग रही थी.
कारण बताओ नोटिस जारी
इस घटना के बाद से ग्रामीणों में आक्रोश है. बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त कर रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि जिम्मेदारी स्वीकार करने की जगह विद्यालय प्रबंधन सफाई कर्मचारियों पर दोष मढ़ रहा है. ये शिक्षकों और प्रधान प्रध्यापक की जिम्मेदारी होती है कि सभी कक्षाओं का निरीक्षण करे.
ये भी पढ़ें: धमतरी के फायरिंग रेंज में बड़ा हादसा, राइफल का चैंबर फटा, नगर सेना का जवान घायल
जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी ने इस मामले को गंभीरता से लिया है. उन्होंने जांच के आदेश दिए हैं. जांच के लिए टीम का गठन किया है. शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है. अधिकारी का कहना है कि दोषी शिक्षकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही ना हो.