BJP अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ आ सकते हैं नितिन नवीन, योग दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना
नितिन नवीन
CG News: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 20 जून को छत्तीसगढ़ आ सकते हैं. अध्यक्ष बनने के बाद नवीन का ये पहला दौरा होगा. बताया जा रहा है कि वे राजधानी रायपुर में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं. कुछ दिनों पहले सीएम विष्णुदेव साय दिल्ली दौरे पर थे. उस समय बीजेपी अध्यक्ष से मुलाकात करके छत्तीसगढ़ आने का न्योता दिया था.
छत्तीसगढ़ प्रभारी से राष्ट्रीय अध्यक्ष
बिहार से ताल्लुक रखने वाले नितिन नवीन बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से पहले छत्तीसगढ़ राज्य प्रभारी थे. वर्तमान में वे राज्यसभा सांसद हैं. संगठन और सक्रिय राजनीति में काम करने का उनके पास अनुभव है. नवीन के नेतृत्व में राज्य में 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ा गया. इसमें बीजेपी ने प्रदेश की 11 लोकसभा सीटों में से 10 पर जीत दर्ज की थी. उन्होंने बीजेपी प्रदेश संगठन को मजबूत करने का काम किया. वे बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट से 4 बार विधायक रह चुके हैं.
भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) की बिहार इकाई के अध्यक्ष रह चुके हैं. इसके साथ ही भाजयुमो के राष्ट्रीय महासचिव भी रह चुके हैं. बिहार सरकार में अलग-अलग मंत्री पदों पर किया. नतीन नबीन शहरी विकास और आवासीय मंत्री और कानून एवं न्याय मंत्री भी रह चुके हैं.
ये भी पढ़ें: इन्वेटर कनेक्ट कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ को मिले 9580 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 7000 से ज्यादा लोगों को मिलेगा रोजगार
अगला बीजेपी प्रदेश प्रभारी कौन बनेगा?
नितिन नवीन के राष्ट्रीय बीजेपी अध्यक्ष बनने के बाद प्रदेश प्रभारी का पद खाली माना जा रहा है. नए प्रदेश प्रभारी को लेकर कोई भी नाम सामने नहीं आया है. साल 2028 में विधानसभा चुनाव होने हैं. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नया प्रदेश प्रभारी बनाते समय इस बात का ध्यान रखा जाएगा कि वह राज्य की राजनीति को बारीकी से समझे.