जेब में सिर्फ 1200 रुपये और आंखों में बड़े सपने, कपिल शर्मा के ‘जीरो से हीरो’ बनने की पूरी कहानी, जानिए नेटवर्थ
कपिल शर्मा
Kapil Sharma Life Story: आज करोड़ों के मालिक और दुनिया भर में मशहूर कपिल शर्मा का सफर संघर्षों से भरा रहा है. पिता के निधन के बाद घर चलाने के लिए उन्होंने PCO में काम करने से लेकर जगरातों में भजन गाने तक का काम किया. हैरानी की बात यह है कि जिस कॉमेडी शो ने उन्हें स्टार बनाया, उसके पहले ही ऑडिशन में वे रिजेक्ट हो गए थे. लेकिन कपिल ने हार नहीं मानी और अपनी मेहनत से साबित कर दिया कि असफलता ही कामयाबी का रास्ता खोलती है.
कपिल शर्मा के जन्मदिन पर जानिए संघर्षों की कहानी
2 अप्रैल 1981 को अमृतसर के एक साधारण परिवार में जन्मे कपिल शर्मा का शुरुआती जीवन काफी संघर्षपूर्ण रहा. पंजाब पुलिस में हेड कॉन्स्टेबल पिता के कैंसर और फिर 2004 में उनके निधन ने परिवार को आर्थिक संकट में डाल दिया. छोटी उम्र में ही घर की जिम्मेदारी संभालने के लिए कपिल ने PCO और कपड़ा मिल में काम किया और यहां तक कि जगरातों में भजन गाकर पैसे जुटाए. उनकी यह मेहनत ही आज उन्हें सफलता के इस मुकाम पर ले आई है.
कपिल शर्मा को पहले ऑडिशन में रिजेक्ट कर दिया गया
कपिल असल में सिंगर बनना चाहते थे, लेकिन किस्मत उन्हें कॉमेडी की ओर ले गई. ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ के अमृतसर ऑडिशन में रिजेक्ट होने के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और दिल्ली जाकर दोबारा कोशिश की. उनकी यह मेहनत सफल रही और 2007 में वे इस शो के विजेता बने. जीत में मिले 10 लाख रुपये की इनामी राशि से उन्होंने अपनी बहन की शादी कराई.
कपिल शर्मा की जिंदगी कब और कैसे बदली?
इस जीत ने कपिल के करियर को नई उड़ान दी, जहां उन्होंने ‘कॉमेडी सर्कस’ के कई सीजन जीतकर अपनी खास पहचान बनाई. साल 2013 में शुरू हुए उनके शो ‘कॉमेडी नाइट्स विद कपिल’ ने उन्हें रातों-रात सुपरस्टार बना दिया. इस शो की जबरदस्त कामयाबी ने उन्हें हर घर का चहेता बना दिया और वे दुनिया भर में ‘कॉमेडी किंग’ के नाम से मशहूर हो गए.
कपिल शर्मा का नेटवर्थ कितना है?
कपिल शर्मा को बचपन से ही एक्टिंग और सिंगिंग का बहुत शौक रहा है, यहां तक कि महज 4 साल की उम्र में उन्होंने पहली बार स्टेज पर परफॉर्म किया था. शादियों और पारिवारिक समारोहों में गाना गाने वाले कपिल आज लगभग 300 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं. उनकी यह भारी कमाई टीवी, फिल्मों, विज्ञापनों और विदेशों में होने वाले उनके लाइव शोज के साथ-साथ उनके बिजनेस से होती है.
1200 रुपये से करोड़ों के मालिक बने कपिल शर्मा
कपिल शर्मा ने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए बताया कि जब वे पहली बार मुंबई आए थे, तब उनकी जेब में केवल 1200 रुपये थे और उनके साथ कुछ दोस्त भी थे. करियर के एक मुश्किल दौर में हालात इतने खराब हो गए थे कि उनके पास सिर्फ अमृतसर वापस लौटने के पैसे बचे थे. जब वे घर लौटे तो मानसिक और आर्थिक तनाव के कारण उनका वजन काफी कम हो गया था.