‘दीदी जाने वाली हैं, BJP आने वाली है…’, अमित शाह बोले- 152 में से 110 से ज्यादा सीटें जीतेंगे

Bengal Election: बंगाल में पहले चरण की वोटिंग के एक दिन बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रेस-कॉन्फ्रेंस कर कहा कि बंगाल से दीदी जाने वाली हैं और बीजेपी आने वाली है.
Amit Shah

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

Bengal Election: बंगाल विधानसभा चुनाव में बंपर वोटिंग हुई. वोटिंग के एक दिन बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रेस-कॉन्फ्रेंस कर सभी मतदाताओं का धन्यवाद दिया और कहा कि बंगाल से दीदी जाने वाली हैं और बीजेपी आने वाली है.

अमित शाह ने कहा, “मैं चुनाव आयोग, CAPF, चुनाव आयोग के सहयोग में लगा पूरा तंत्र और बंगाल पुलिस को बहुत-बहुत अभिनंदन देना चाहता हूं क्योंकि बहुत लंबे अरसे बाद बंगाल के चुनाव में एक भी मृत्यु नहीं हुई, ऐसा चुनाव हुआ है. बंगाल की जनता ने पहले चरण में ही अपना भविष्य तय कर दिया है. कविगुरु टैगोर, महान सुभाष चंद्र बोस और खुदीराम बोस की भूमि ने विकास को चुना है. मतदाताओं ने स्पष्ट कर दिया है. दीदी जाने वाली है, भाजपा आने वाली है. भय जाने वाला है, भरोसा आने वाला है. 152 में से 110 से ज्यादा सीटें भाजपा जीतने जा रही है, इसका अर्थ है कि दूसरे चरण के चुनाव के बाद हम प्रचंड बहुमत से शुद्ध रूप से भाजपा सरकार बनाने वाले हैं.”

कब कितने लोग हुए थे घायल

केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा, “आंकड़ों के मुताबिक 2016 के चुनाव में 1278 लोग घायल हुए थे, 2021 में 1681, 2023 के पंचायत चुनाव में 664 और 2024 के आम चुनाव में 761. उसकी तुलना में 30 से कम लोग कल मतदान के दिन घायल हुए हैं. यह बताता है कि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए और मृत्यु का आंकड़ा एक भी नहीं है. यह जो मतदान बढ़ा है, वह भाजपा सरकार बनाने, परिवर्तन का संकेत है.”

कौन होगा बंगाल का सीएम

अमित शाह ने कहा “बंगाल की मुख्यमंत्री यह अफवाह फैला रही हैं कि अगर बंगाल में भाजपा आई तो बाहरी लोग शासन करेंगे, मैं दीदी को बताना चाहता हूं कि बंगाल का अगला मुख्यमंत्री बंगाल में जन्मा, बंगाली मीडियम में पढ़ा-लिखा और बंगाली भाषी होगा. वह आपका भतीजा नहीं भाजपा का कार्यकर्ता होगा.”

ज़रूर पढ़ें