‘जनता की हत्या करना किसी भी राजा के लिए पाप…’, भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में बोले अनिरुद्धाचार्य
भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में बोले अनिरुद्धाचार्य
Aniruddhacharya Statement On Bharat Tiwari Encounter: बिहार के भोजपुर जिले में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में प्रसिद्ध कथावाचक अनिरुद्धाचार्य ने भी बिहार सरकार को घेरा है. लगातार लोग भरत तिवारी के एनकाउंटर को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं. भरत तिवारी का एनकाउंटर 17 जून को हुआ था, जिसमें पुलिस ने सफाई देते हुए कहा था कि आत्मरक्षा में गोली चलानी पड़ी. जिसमें भरत की मौत हो गई. भरत तिवारी एनकाउंटर के बाद लोग बिहार पुलिस और सरकार पर सवाल उठाने लगे. फिलहाल, अभी भी यह मुद्दा गरमाया हुआ है. जानें भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर कथावाचक अनिरुद्धाचार्य ने क्या कहा?
प्रसिद्ध कथावाचक अनिरुद्धाचार्य ने कहा, जनता की हत्या करना किसी भी राजा के लिए पाप है. इस हाल में जनता आपको पापी राजा कहेगी. भरत ने किसी की हत्या नहीं की थी और न ही किसी की हत्या करने या अपराध करने के मकसद से हथियार उठाया था. भरत अपने इलाके में समाज का काम कराने के लिए अधिकारियों के पास गया, जब उसकी बात नहीं सुनी गई. तब उसने विरोध का रास्ता अपनाया था. वह कोई गुंडा नहीं है.
लोकतंत्र के लिए अच्छा संकेत नहीं
उन्होंने आगे कहा, नेताओं को समझना चाहिए कि वे जनता से वोट लेते हैं. अगर वोट लेने के बाद उसी जनता को दबाना और मारना शुरू कर देंगे, तो यह लोकतंत्र के लिए अच्छा संकेत नहीं है. सरकार ये ठीक नहीं कर रही. अगर कोई हत्याएं की है या आतंकवादी है, तो फिर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने में किसी को कोई आपत्ति नहीं हो सकती है. फिलहाल, बिहार में यह मामला सुर्खियों में है.
ये भी पढ़ेंः ‘हम भी शहादत के लिए तैयार…’, भरत तिवारी एनकाउंटर पर विरोध जारी, सिर मुंडवाकर आमरण पर बैठा युवक
क्या था मामला?
दरअसल, भोजपुर जिले के रहने वाले भरत तिवारी ने पुलिस पर ही पिस्टल तान दी थी. इसके बाद जब दूसरे दिन पुलिस और एसआईटी की टीम गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची, तो भरत ने छत में चढ़कर दो राउंड फायरिंग की थी. हालांकि, बाद में भरत ने पिस्टल फेंककर सरेंडर कर दिया, लेकिन फिर भी पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया, जिसमें भरत तिवारी की मौत हो गई.