होटल की लिफ्ट में फंसे कांग्रेस सांसद शशि थरूर, 15 मिनट बाद रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित निकाला
लिफ्ट में फंसे शशि थरूर
Shashi Tharoor Kerala Lift: कांग्रेस सांसद शशि थरूर शनिवार को केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के एक होटल में उस समय मुश्किल में फंस गए, जब होटल की लिफ्ट अचानक बीच रास्ते में रुक गई. करीब 15 मिनट तक वह लिफ्ट के अंदर ही रहे. सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोलकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला.
जानकारी के मुताबिक, यह घटना तिरुवनंतपुरम के एक निजी होटल में हुई, जहां शशि थरूर किसी कार्यक्रम के सिलसिले में पहुंचे थे. होटल के भीतर एक मंजिल से दूसरी मंजिल पर जाने के दौरान लिफ्ट तकनीकी खराबी की वजह से बीच में ही अटक गई. लिफ्ट के बंद हो जाने से थरूर कुछ समय तक अंदर ही फंसे रहे.
थरूर को तुरंत किया गया रेस्क्यू
होटल प्रबंधन ने तुरंत इसकी सूचना फायर एंड रेस्क्यू सर्विस को दी. इसके बाद दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और विशेष उपकरणों की मदद से लिफ्ट का दरवाजा खोलकर शशि थरूर को सुरक्षित बाहर निकाला. राहत की बात यह रही कि इस घटना में उन्हें किसी तरह की चोट नहीं आई और उनकी तबीयत भी पूरी तरह सामान्य रही.
घटना को लेकर थरूर ने क्या कहा?
घटना के बाद शशि थरूर ने भी पूरे घटनाक्रम को सहज अंदाज में लिया. उन्होंने बचाव दल और होटल कर्मचारियों का धन्यवाद किया. उनका कहना था कि ऐसी तकनीकी खराबियां कभी-कभी हो जाती हैं. राहत की बात है कि बचाव टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
हालांकि यह घटना कुछ ही मिनटों की थी, लेकिन होटल में मौजूद लोगों के लिए चिंता का विषय बन गई. समय रहते रेस्क्यू टीम के पहुंचने और त्वरित कार्रवाई की वजह से बड़ा हादसा टल गया और कांग्रेस सांसद सुरक्षित बाहर आ गए.
ये भी पढ़ें: अनशन के 21वें दिन दिल्ली पुलिस सोनम वांगचुक को ले गई अस्पताल, खाली कराया जा रहा जंतर-मंतर