बद्रीनाथ मंदिर दान चोरी मामले में बड़ा एक्शन, SIT की टीम ने प्रमोद नौटियाल को किया गिरफ्तार
बद्रीनाथ मंदिर
Badrinath Dham Daan Chori: राम मंदिर में हुई कथित चंदा चोरी के बाद देशभर के कई मंदिरों और ट्रस्टों पर भी इस तरह की चोरी के आरोप लगे थे. इनमें उत्तराखंड का प्रसिद्ध बदरीनाथ मंदिर भी शामिल था. हालांकि चोरी के आरोपों को लेकर ट्रस्ट के अध्यक्ष की तरफ से सफाई दी गई थी. लेकिन इससे पहले ही जांच कमेटी गठित कर दी गई थी. फिलहाल पूरे मामले की जांच एसआईटी कर रही है. फिलहाल एसआईटी ने मंदिर कमेटी के अध्यक्ष से जुड़े एक आरोपी को पकड़ा है.
एसआईटी की तरफ से प्रमोद नौटियाल को हिरासत में लिया गया है, जो उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में छिपा हुआ था. शुरुआत से ही प्रमोद को मंदिर कमेटी के अध्यक्ष का निजी सचिव बताया गया था. हालांकि इस तरह के आरोपों को ट्रस्ट के अध्यक्ष ने सिरे से खारिज कर दिया था. दूसरी तरफ इस पूरे विवाद की जांच कर रही बीकेटीसी की टीम आज अपनी जांच रिपोर्ट सौंपेगी.
प्रमोद नौटियाल के पास क्या थी जिम्मेदारी?
प्रमोद नौटियाल को एसआईटी की तरफ से रविवार की देर शाम करीब आठ बजे देहरादून से हिरासत में लिया गया. नौटियाल के पास बद्रीनाथ धाम में चढ़ावा और दान की जिम्मेदारी थी.प्रमोद ही मंदिर का चढ़ावा और दान अधिकारी है. कुल मिलाकर यह कहा जा सकता है कि पूरे पैसों और चढ़ाए गए सामान की जिम्मेदारी प्रमोद के पास ही थी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी अब अन्य संदिग्धों की भी पहचान कर रही है और आने वाले समय में इस प्रकरण में कई अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है.
कैसे सामने आया पूरा मामला?
यह पूरा मामला तब सामने आया, जब सोशल मीडिया पर एक लेटर वायरल हुआ. इसके बाद ही देवभूमि में बवाल शुरू हुआ था. इसी वायरल लैटर में चंदा चोरी के आरोप लगाए गए थे. जिसके बाद जांच के ओदश दिए गए.