दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों से मारपीट! कांग्रेस ने किया था प्रोटेस्ट, फुटेज के आधार पर दर्ज होगी FIR
दिल्ली पुलिस के साथ मारपीट का आरोप
Cops Assaulted During Protest: दिल्ली में इन दिनों चुनाव आयोग के खिलाफ इंडिया गठबंधन ने मोर्चा खोल दिया है. इसी बीच प्रदर्शन के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई. दिल्ली पुलिस अब शिकायत के आधार पर जांच करने में जुट गई है. पुलिस का कहना है कि इस घटना से जुड़े कई वीडियो सामने आए हैं, जिसके आधार पर जांच की जा रही है. सभी चिंहित आरोपियों के ऊपर BNS की धाराओं के तहत FIR दर्ज की जाएगी.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, घटना से जुड़े जो वीडियो सामने आए हैं. उसमें महिला पुलिस अधिकारियों और कांस्टेबलों के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की और मारपीट होती दिख रही है. आरोपियों के खिलाफ सरकारी कर्मचारियों पर हमला और उनके काम में बाधा डालने समेत ड्यूटी के दौरान रोकने जैसे अपराध शामिल हैं. पुलिस हर एक एंगल और कड़ी को जोड़ते हुए जांच करने में जुटी है.
बुधवार को बैरिकेड हटाने को लेकर हुई थी धक्का-मुक्की
जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार की है. जहां इंडिया गठबंधन के नेता प्रदर्शन कर रहे थे. जब पुलिस ने उन्हें बैरिकेडिंग लगाकर रोकने की कोशिश की तो राहुल गांधी आगे आकर बैरिकेड से लगे गेट को खोलने की कोशिश की. इसी बीच पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई थी.
ये भी पढ़ेंः जंतर-मंतर के पास हाई वोल्टेज ड्रामा! राहुल को ले रही पुलिस बस को कार्यकर्ताओं ने किया पंचर
कांग्रेस ने भी लगाया मारपीट का आरोप
हालांकि, इस घटना के बाद दिल्ली पुलिस और विपक्षी नेता दोनों ने एक दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया है. कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस की लाठीचार्ज में कई नेता घायल हुए हैं. प्रियंका गांधी ने भी आरोप लगाया कि महिला पुलिसकर्मियों ने भी उनके साथ बदसलूकी की. फिलहाल, अब दिल्ली पुलिस घटना से जुड़े वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है. दिल्ली पुलिस का कहना है कि जो भी इस घटना में दोषी पाए जाएंगे. उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.