महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में 30 लाख के इनामी 9 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, 3 ACM मेंबर, AK-47 समेत 2 हथियार सौंपे
गढ़चिरौली में 9 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया
Naxal Surrender: महाराष्ट्र में सुरक्षाबलों बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. गढ़चिरौली में मंगलवार (31 मार्च) को 9 नक्सलियों ने सरेंडर कर दिया. इनमें तीन एसीएम (ACM) रैंक के नक्सली भी शामिल है. ये छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से सटा इलाका है.
30 लाख रुपये का इनाम घोषित
महाराष्ट्र सरकार ने सभी 9 नक्सलियों पर कुल मिलाकर 30 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था. दो हार्डकोर माओवादियों ने आत्मसमर्पण करते समय एक AK-47 राइफल एवं एक कार्बाइन राइफल भी सुरक्षाबलों को सौंपी.
2025 से अब तक 132 नक्सलियों का सरेंडर
गढ़चिरौली पुलिस और CRPF के संयुक्त प्रयासों से साल 2025 से अब तक 132 सशस्त्र माओवादी कैडरों ने आत्मसमर्पण किया है. आत्मसमर्पित माओवादियों द्वारा दी गई खुफिया जानकारी के आधार पर छत्तीसगढ़ क्षेत्र से हथियार एवं अन्य सामग्री बरामद की गई.
गढ़चिरौली जिले में माओवादी गतिविधियां अब लगभग समाप्ति की ओर हैं, जो आंदोलन पहले जिले के सभी 10 उप-विभागों में सक्रिय था, वह अब केवल भामरागढ़ उप-विभाग के सीमावर्ती क्षेत्रों तक सीमित रह गया है.
2005 से अब तक 805 नक्सलियों का समर्पण
माओवाद की खोखली विचारधारा और आम नागरिकों के खिलाफ हिंसा से निराश होकर बड़ी संख्या में प्रतिबंधित CPI (माओवादी) संगठन के सदस्य महाराष्ट्र सरकार की 2005 से लागू आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण कर रहे हैं. अब तक कुल 805 सक्रिय माओवादियों ने गढ़चिरौली पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है.
इन नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
गढ़चिरौली में मंगलवार को दासरी उर्फ पिडे सन्नू वेको (ACM), रामाजी अदमा पोताम (ACM), शांति वंजा वड्डे (ACM), मनाकू मासो पोडियम, सरिता राम वेलकम, लखमी आयतु कुंजाम, नंदे जोगा माडे, राकेश कोराके माज्जी और सुक्की बामी कुंजाम ने सरेंडर किया. इनमें से शांति वंजा वड्डे ने AK-47 राइफल और 30 जिंदा कारतूस के साथ आत्मसमर्पण किया. वहीं सुक्की बामी कुंजाम ने कार्बाइन राइफल के साथ आत्मसमर्पण किया.
ये भी पढ़ें: IAS रिंकू सिंह राही का इस्तीफा, सिस्टम पर उठाए सवाल, कभी 100 करोड़ के घोटाले के लिए खाई थीं 7 गोली
ये सामान बरामद किया गया
आत्मसमर्पित नक्सलियों के द्वारा दी गई सूचना के आधार पर कुमनार जंगल क्षेत्र (महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा) कई सामग्री बरामद की गई. इसमें 1 AK-47 राइफल, 3 मैगजीन, 57 जिंदा कारतूस, 3 वॉकी-टॉकी, 4 बैटरियां, 20 पेन ड्राइव शामिल हैं. गुंडापुरी जंगल से 2 SLR राइफल, 1 सिंगल शॉट हथियार, 50 डेटोनेटर और अन्य सामग्री बरामद हुई.