खड़गे के आवास पर आज ‘सड़क पर संसद’, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लाएंगे पब्लिक महाभियोग
कांग्रेस नेताओं के साथ पार्टी अध्यक्ष
INDIA Bloc Protest: दिल्ली में विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉग ने चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया है. शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दिल्ली स्थित आवास पर ‘सड़क पर संसद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पब्लिक महाभियोग लाने की तैयारी है.
यह कार्यक्रम पहले शुक्रवार को आयोजित होना था, लेकिन बारिश के कारण इसे टालना पड़ा. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा था कि शनिवार को ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पब्लिक महाभियोग लाया जाएगा. इसके बाद रविवार को रामलीला मैदान तक मार्च निकाला जाएगा. उन्होंने राजनीतिक दलों, छात्र संगठनों और आम लोगों से इसमें शामिल होने की अपील भी की थी.
1 नवंबर को विपक्ष का हल्लाबोल
दरअसल, INDIA ब्लॉक 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली करने जा रहा है. विपक्ष इस आयोजन के जरिए चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना चाहता है. विपक्ष लंबे समय से मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहा है. इसके साथ ही SIR प्रक्रिया को रद्द करने की भी मांग विपक्षी गठबंधन की तरफ से की जा रही है.
समाजवादी पार्टी ने बोला हमला
समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश के एमएलसी चुनाव के नतीजों को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है. सपा नेता धर्मेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा ने कुछ सीटों पर बेईमानी और जोड़ तोड़ के जरिए जीत हासिल की है. उन्होंने कहा कि विपक्ष की लड़ाई को अब देश की जनता समझ रही है और उसे समर्थन भी मिल रहा है. उनके मुताबिक, यूपी में पढ़े-लिखे मतदाताओं ने सपा को मजबूती दी है.
वहीं, तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ’ब्रायन ने कहा कि यह लड़ाई केवल राजनीतिक दलों की नहीं, बल्कि आम लोगों की भी है. सभी विपक्षी दल एकजुट होकर इसका मुकाबला करेंगे और जीत हासिल करेंगे.
महारैली रद्द करने की मांग कर रहे व्यापारी
दिल्ली के व्यापारियों ने 1 नवंबर को होने वाली रैली से खासे परेशान नजर आ रहे हैं. यही वजह है कि व्यापारियों ने महारैली को लेकर चिंता जताई है. चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को पत्र लिखकर रैली स्थगित करने की मांग की है. संगठन इससे पहले राहुल गांधी को भी तीन बार पत्र भेज चुका है. व्यापारियों का दावा कि इस महारैली के कारण बाजारों पर सीधा असर पड़ेगा, महारैली के कारण दिल्ली के करीब 20 बाजारों में 10 से 12 हजार करोड़ रुपये तक के कारोबार पर असर पड़ सकता है.
ये भी पढ़ें: ‘यह संविधान बचाने की लड़ाई…’, महारैली से पहले राहुल बोले-दूसरे राज्यों से आ रहे लोगों को रोका जा रहा