स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास भारतीय शिप पर हमला! ओमान तट के पास हाजी अली जहाज डूबा, क्रू मेंबर्स सुरक्षित
हाजी अली जहाज
ship Haji Ali attacked: अमेरिका-ईरान के बीच चल रहे तनाव का असर पूरी दुनियापर देखने को मिल रहा है. इसके कारण भारत को भी खास नुकसान उठाना पड़ रहा है. इसी के तहत स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में भारत के एक जहाज पर हमला हुआ है. जिसकी वजह से वह डूब गया. हालांकि जहाज पर सवाल लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है.
ओमान के तट के पास भारतीय ध्वज वाला मालवाहक जहाज ‘हाजी अली’ संदिग्ध हमले का शिकार हो गया. हमला इतना तेज था कि जहाज में आग लग गई और कुछ ही देर बाद वह समुद्र में डूब गया.
शारजाह जा रहा था जहाज
होर्मुज में इससे पहले भी कई जहाजों को निशाना बनाया गया है. हाजी अली जहाज गुजरात के सलाया पोर्ट से जुड़ा था और सोमालिया से शारजाह की ओर जा रहा था. जहाज में पशुधन लदा हुआ था. बुधवार तड़के ओमान के उत्तरी तट के पास लीमाह इलाके के करीब जहाज को निशाना बनाया गया. शुरुआती आशंका है कि हमला ड्रोन या मिसाइल से किया गया हो सकता है.
हमले के बाद जहाज में तेजी से आग फैल गई. चालक दल ने तुरंत संकट संदेश भेजा और लाइफबोट के जरिए समुद्र में उतरकर अपनी जान बचाई. इसके बाद ओमान कोस्ट गार्ड ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी भारतीय नाविकों को सुरक्षित डीबा पोर्ट पहुंचाया गया. जहाज मालिक ने भी पुष्टि की कि पूरा दल सुरक्षित है.
भारत सरकार ने क्या कहा?
भारत सरकार ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. विदेश मंत्रालय ने कहा कि व्यावसायिक जहाजों और नागरिक नाविकों को निशाना बनाना पूरी तरह अस्वीकार्य है. मंत्रालय ने समुद्री व्यापार और नौवहन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जरूरत पर भी जोर दिया.बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों में गुजरात से जुड़े दूसरे जहाज भी इस क्षेत्र में संकट का सामना कर चुके हैं.
यह घटना ऐसे समय हुई है जब स्ट्रेट ऑफ होर्मुज और आसपास के समुद्री इलाकों में तनाव लगातार बढ़ रहा है. ईरान-अमेरिका संघर्ष के कारण इस रूट पर पहले भी कई जहाजों पर हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. हाल के महीनों में कई भारतीय या भारतीय क्रू वाले जहाजों को निशाना बनाए जाने से समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है.
ये भी पढ़ें: सीजफायर के बाद अमेरिका का ईरान पर हमला, होर्मुज को लेकर बढ़ी हलचल! फिर शुरू होगी जंग