जेवर एयरपोर्ट से उड़ान शुरू, पहली उड़ान में 172 किसान करेंगे सफर, लखनऊ में सीएम योगी से करेंगे मुलाकात

Jewar Airport First Flight: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने कहा, 172 किसान यहां से लखनऊ के लिए जा रहे हैं.
Jewar Airport First Flight Lands

जेवर एयरपोर्ट से उड़ान शुरू

IndiGo Lucknow Jewar Flight: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का संचालन आज सोमवार से शुरु हो गया है. पहली फ्लाइट लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से इंडिगो की पहली शेड्यूल्ड फ़्लाइट 6E-2278 नोयडा के जेवर में लैंड की. जेवर एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए जाने वाली फ्लाइट में आज 172 किसान सफर करने वाले हैं. जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह सभी किसानों को फ्लाइट से लेकर लखनऊ पहुंचेंगे. एयरपोर्ट का उद्घाटन केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने किया.

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने कहा, “आज बहुत खुशी का दिन है. पहली उड़ान नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शुरू होने वाली है. यहां से लखनऊ के लिए खास कर किसानों के लिए पहली उड़ान की व्यवस्था यहां से की गई है. 172 किसान यहां से लखनऊ के लिए जा रहे हैं. बेंगलुरु के लिए भी उड़ान खड़ी है. 4 गंतव्य के लिए यहां से आज उड़ान होगी. ये हमारे देश के शीर्ष 5 हवाई अड्डों में शामिल होने वाला है.”

CM योगी से मुलाकात करेंगे किसान

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पहली कमर्शियल फ़्लाइट को रवाना करने से पहले केक काटा और यात्रियों को खास फ़्लाइट टिकट भी दिए. पहली फ्लाइट पर किसान सफर करेंगे. जो लखनऊ पहुंचकर सीएम योगी से मुलाकात कर उनको धन्यवाद देंगे. सरकार ने जेवर एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट रवाना होने पर किसानों को इसलिए सफर कराया, क्योंकि किसानों ने ही एयरपोर्ट बनाने के लिए जमीन दी थी. उनकी भागीदारी को देखते हुए सरकार ने यह फैसला लिया है.

ये भी पढ़ेंः राम मंदिर में दान चोरी का मामला, योगी सरकार ने गठित की SIT; 15 दिन में सौंपेगी रिपोर्ट

क्या बोले जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह?

जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा, “यह एक बहुत बड़ा दिन है क्योंकि मैं जेवर के लोगों का प्रतिनिधित्व करता हूं, और जब से उन्होंने मुझे चुना है, यह मेरे लिए भी एक अहम दिन है. हमारा एक सपना था, एक विजन था, कि जिन किसानों को हमने कभी हाथ जोड़कर इस बड़े प्रोजेक्ट के लिए मनाया था, वे एक दिन यहां से चलने वाले विमानों में उड़ान भरेंगे. वे एक ऐतिहासिक सफर के गवाह बनने वाले हैं. वे इस जगह से उड़ान भरने वाली पहली फ्लाइट के गवाह होंगे. यह निस्संदेह इस इलाके के सभी निवासियों के लिए गर्व का क्षण है. मैं यूपी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने मेरे अनुरोध पर ये सभी इंतजाम किए और किसानों से मिलने के लिए समय निकाला.”

ज़रूर पढ़ें