Kedarnath Dham: कल सुबह 8 बजे खुलेंगे केदारनाथ धाम के कपाट, दुल्हन की तरह सजा बाबा का मंदिर
केदारनाथ धाम
Kedarnath Dham Opening 2026: ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ की यात्रा कल बुधवार, 22 अप्रैल से शुरू हो जाएगी. बुधवार की सुबह करीब 8 बजे केदारनाथ धाम के कपाट आम जनता के लिए खोल दिए जाएंगे. भक्त काफी समय से केदारनाथ धाम के कपाट खुलने का इंतजार कर रहे थे. कपाट खुलने से पहली पूरी केदारपुरी को ही फूलों से दुल्हन की तरह सजाया गया है. भक्तों को कपाट खुलने का बेसब्री से इंतजार है.
बम-बम भोले के जयकारों और आर्मी बैंड की सुरीली धुन के बीच बाबा केदारनाथ का पट खुलने का इंतजार किया जा रहा है. पट खुलने की तैयारियां कई दिनों से चल रही है. सोमवार को बाबा केदारनाथ की डोली फाटा से लेकर बड़ासू, शेरसी, रामपुर और सीतापुर होते हुए करीब 4 बजे गौरीकुंड पहुंची. जहां रास्ते में श्रद्धालुओं ने पालकी का जोरदार स्वागत किया. श्रद्धालु भी इस पल का काफी समय से इंतजार कर रहे थे. इस दौरान आर्मी बैंड की प्रस्तुति ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया.
रास्ते की वजह से भक्तों को हो सकती है परेशानी
भले ही आस्था के इस महाकुंभ में भक्तों का जोश काफी हाई है और भक्त बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. लेकिन यहां कि व्यवस्थाएं थोड़ी कमजोर हैं. जिसकी वजह से आने वाले भक्तों को थोड़ी समस्याएं हो सकती हैं. गौरीकुंड से लेकर केदारनाथ तक रास्ता काफी संकरा है. इसके साथ ही भीड़ इतनी ज्यादा है कि कहीं पैर रखने की भी जगह नहीं है.
ये भी पढ़ेःं 300 यूनिट फ्री बिजली, महिलाओं को 40 हजार रुपए पेंशन, अखिलेश ने यूपी चुनाव से पहले खेला बड़ा दांव
जाम की स्थिति
अगर आप भी केदारनाथ धाम की यात्रा करने की सोच रहे हैं, तो अभी थोड़े दिन रुकने का प्रयास करें, क्योंकि अभी बहुत भीड़ है. जगह-जगह पर जाम की स्थिति बनी हुई है. जिसकी वजह से पैदल आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. भले ही रास्ता संकरा और जाम की स्थिति बनी हुई है, लेकिन इसके बावजूद भी श्रद्धालुओं का जोश काफी हाई बना हुआ है.