‘मुंबई के नालों में मिला ऑटो रिक्शा, सोफा और बेड…’, सफाई में सामने आई चौंकाने वाली तस्वीर
नाले से निकला सामान
Shocking Items Found Inside: देश में अगले कुछ दिनों के बाद मानसून की दस्तक होने वाली है. इस दस्तक से पहले ही तमाम राज्य अपनी-अपनी तैयारियों में जुट गए हैं. मुंबई में मानसून की तैयारियों के बीच चल रहे नाला सफाई अभियान में बीएमसी को ऐसी चीजें मिलीं हैं, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया.
शहर के कई बड़े नालों की सफाई के दौरान कर्मचारियों ने ऑटो रिक्शा का ढांचा, सोफा, बेड, गद्दे, प्लास्टिक कचरा, लकड़ी के टुकड़े और भारी कबाड़ बाहर निकाला है. सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह रही कि कुछ नालों में इतना बड़ा सामान फंसा था कि पानी का बहाव पूरी तरह रुक गया था.
हर साल बीएमसी करता है सफाई
बीएमसी हर साल बारिश से पहले नालों की सफाई करवाती है ताकि मानसून के दौरान जलभराव की समस्या कम हो सके.इस बार अंधेरी ईस्ट, साकीनाका और आसपास के इलाकों में सफाई अभियान के दौरान मशीनों और क्रेन की मदद से भारी सामान निकाला गया है.
अधिकारियों के मुताबिक नालों में जमा यह कबाड़ बारिश के समय बड़े खतरे की वजह बन सकता था, क्योंकि इससे पानी का रास्ता बंद हो जाता है और सड़कों पर पानी भरने लगता है.
क्या बोले सफाई कर्मी?
सफाई कर्मचारियों ने बताया कि कई जगहों पर प्लास्टिक और घरेलू कचरे की मोटी परत जमी हुई थी. कुछ नालों से पुराने फर्नीचर और टूटे हुए घरेलू सामान भी निकले है. बीएमसी अधिकारियों का कहना है कि लोग गैर जिम्मेदारी से नालों में कचरा फेंक देते हैं, जिसका असर पूरे शहर को बारिश के मौसम में भुगतना पड़ता है.
बारिश के कारण हर साल होते हैं लोग परेशान
मुंबई में हर साल भारी बारिश के दौरान जलभराव बड़ी समस्या बन जाता है.इसी वजह से इस बार प्रशासन मानसून शुरू होने से पहले ही बड़े स्तर पर सफाई अभियान चला रहा है.बीएमसी ने लोगों से अपील की है कि नालों और सड़कों पर कचरा न फेंके, ताकि बारिश के दौरान शहर को जलभराव और ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं से बचाया जा सके.
ये भी पढ़ें: बीयर की बोतल खोलते ही उड़े शख्स के होश! अंदर तैरती चीज को देखकर मच गया हड़कंप