सुबह उनके मुंह से शराब की बदबू आती थी…CM भगवंत मान पर राहुल गांधी का तीखा हमला

Rahul Gandhi: पंजाब के मुख्‍यमंत्री भगवंत मान पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तीखा हमला बोला है. उन्‍होंने कहा कि पंजाब का सीएम खुद शराब के नशे में रहता है.
rahul gandhi bhagwant mann (1)

राहुल गांधी और भगवंत मान

Punjab Assembly Election 2027: पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को संगरूर में आयोजित ‘इंसाफ रैली’ के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने पंजाब में बढ़ती नशे की समस्या, गैंगस्टरवाद और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा है. इस दौरान राहुल ने भगवंत मान पर शराब पीने को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए.

राहुल गांधी ने लोकसभा में भगवंत मान के साथ बिताए समय का जिक्र करते हुए कहा कि मान उनके पास बैठते थे और चुटकुले सुनाया करते थे. राहुल के मुताबिक, सुबह करीब 11 बजे भी उनके मुंह से शराब की गंध आती थी.

उन्होंने साफ किया कि शराब पीना किसी का निजी मामला है, लेकिन जो मुख्यमंत्री राज्य को नशे से मुक्त करने की जिम्मेदारी संभाल रहा है, उसे खुद हर शाम नशे में नहीं होना चाहिए.

AAP सरकार पर वादे पूरे नहीं करने का आरोप

राहुल गांधी ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले पंजाब को नशामुक्त बनाने का वादा किया था. लेकिन, आज भी राज्य में नशे की समस्या बनी हुई है. उन्होंने सवाल किया कि सरकार बताए कि पंजाब के किस हिस्से से नशा खत्म हुआ है. उनके मुताबिक, नशे के कारण कई परिवारों की जिंदगी प्रभावित हो रही है और युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है.

उन्होंने कहा कि पंजाब में नशे और गैंगस्टरवाद को रोकने के लिए उद्योगों को बढ़ावा देना और युवाओं को रोजगार देना जरूरी है. राज्य में फैक्ट्रियां और कारोबार बढ़ेंगे तो युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे.

अमित शाह और पीएम मोदी को भी घेरा

राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस दावे पर भी सवाल उठाए, जिसमें उन्होंने तीन साल में देश से नशा खत्म करने की बात कही थी. राहुल ने गुजरात के अडानी पोर्ट पर पकड़े गए नशे की खेप का मुद्दा उठाते हुए पूछा कि उस मामले में क्या कार्रवाई हुई.

पीएम को बहस के लिए खुली चुनौती

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुली बहस की चुनौती दी. राहुल ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में काम कर रहे हैं. रैली में राहुल ने दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह को भी मंच पर बुलाया. उन्होंने मूसेवाला की हत्या और पंजाब में युवाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाया.

ये भी पढ़ें: तीसरा बच्चा होने पर चुनाव लड़ने से रोकने वाला कानून सही या गलत? सुप्रीम कोर्ट करेगा समीक्षा

ज़रूर पढ़ें