12 दिनों बाद जेल से बाहर आएंगे रौशन आनंद, भाई की मौत के बाद मिली जमानत, फायरिंग मामले में बनाए गए थे आरोपी
रौशन आनंद को मिली जमानत
Firing Case Bail Relief: पटना की ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के संचालक रौशन आनंद को जमानत मिल गई है. रौशन आनंद खान सर की कोचिंग सेंटर पर हमले के आरोपी हैं, जो 12 दिनों से जेल में बंद रहे. पटना के अतिरिक्त जिला जल (ADJ 33) की अदालत ने उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए जमानत दे दी है. इस मामले में रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव भी आरोपी बनाए गए थे, जिनकी नेपाल के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. जमानत मिलने के बाद रौशन आनंद सहरसा पहुंचकर अपने छोटे भाई प्रिंस यादव के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे.
रौशन आनंद को जमानत मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली है, लेकिन भाई प्रिंस यादव की मौत ने सबको सदमे में डाल दिया है. प्रिंस यादव की नेपाल के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. जिसको लेकर परिवार के लोगों ने कई सवाल उठाए. परिवार का कहना है कि मौत की स्पष्ट वजह सामने आनी चाहिए और इस पर निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. परिजनों ने प्रिंस के शरीर पर चोट के निशान दिखाई देने का दावा किया है.
बेऊर जेल में बंद थे रौशन आनंद
प्रिंस की मौत के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और शोक की लहर दौड़ पड़ी. रौशन आनंद जमानत मिलने के बाद जल्द ही बेऊर जेल से बाहर आएंगे. जेल से छूटते ही सीधे सहरसा पहुंचकर भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे. जेल से कब तक बाहर निकलेंगे, अभी इसको लेकर कोई भी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
ये भी पढे़ंः ‘दिल दहल गया, कोई तीसरा कर रहा साजिश’, रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की मौत पर बोले खान सर
रौशन आनंद के वकील ने कोर्ट के सामने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि खान सर ने शातिर दिमाग लगाकर रौशन आनंद को फंसाया है. इस विवाद और हमले के मामले में रौशन आनंद का कोई लेना-देना नहीं है. उन्हें जबरदस्ती इस मामले में घसीटा गया है. इसलिए उन्हें जेल में रखना न्यायसंगत नहीं है. कोर्ट ने वकील की दलीलों को सुनने के बाद रौशन आनंद को जमानत दे दी.