‘राज्यसभा में बोलने का मौका नहीं मिला…’,AAP सांसद बलबीर सिंह सीचेवाल बोले- मैं फिर भी नहीं गया, ऑफर तो मुझे भी…
बलबीर सिंह सीचेवाल और राघव चड्ढा
Sant Balbir Singh Seechewal: देश में इस समय बंगाल से ज्यादा दिल्ली और खासतौर पर आम आदमी पार्टी चर्चा में बनी हुई है. इसके पीछे की वजह आप सांसदों का बीजेपी में शामिल होना है. राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा समेत कई सांसदों ने बीजेपी का दामन थाम लिया है. इन सब के अब पंजाब से राज्यसभा सांसद बलबीर सिंह सीचेवाल ने बड़ा दावा किया है.
बलबीर सिंह सीचेवाल ने कहा कि पार्टी में टूट के दौरान उन्हें एक नए गुट में शामिल होने का प्रस्ताव दिया गया था, लेकिन उन्होंने साफ तौर पर इसे ठुकरा दिया था. सीचेवाल ने कहा कि वह अपने सिद्धांतों और पंजाब के मुद्दों से समझौता नहीं कर सकते हैं. यही वजह है कि उन्होंने उस ऑफर को ठुकरा दिया.
सीचेवाल ने क्या-क्या कहा?
सीचेवाल ने कहा कि जिन नेताओं को जनता की आवाज संसद तक पहुंचाने के लिए भेजा गया था, उनका दायित्व पार्टी और राज्य के हितों की रक्षा करना था. ऐसे समय में पार्टी छोड़ना सिर्फ राजनीतिक फैसला नहीं, बल्कि भरोसे को चोट पहुंचाने जैसा है. उन्होंने संकेत दिए कि कुछ नेताओं ने निजी हितों को प्राथमिकता दी है. अगर पार्टी का हित देखते तो वह इस तरह का फैसला नहीं लेते.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्यसभा में उन्हें कई बार बोलने का पर्याप्त अवसर नहीं मिला है. उनके मुताबिक कुछ चुनिंदा चेहरे ही सदन में पार्टी की ओर से लगातार सामने आते रहे, जबकि अन्य सांसदों की भूमिका सीमित रही. इसके बावजूद उन्होंने कहा कि वह पंजाब के पर्यावरण, नदियों और किसानों से जुड़े मुद्दे लगातार उठाते रहेंगे.
राज्यसभा में कमजोर हो गई आम आदमी पार्टी
बलबीर सिंह सीचेवाल का यह बयान ऐसे समय आया है जब राघव चड्ढा समेत कई राज्यसभा सांसदों के आम आदमी पार्टी छोड़ने से सियासी हलचल तेज है. पार्टी के भीतर इस घटनाक्रम को बड़ा झटका माना जा रहा है. पंजाब की राजनीति में भी इसका असर साफ दिखाई दे रहा है, क्योंकि AAP की राज्यसभा ताकत अचानक कमजोर हुई है. इनमें से ज्यादातर सांसद पंजाब से ही चुनकर राज्यसभा भेजे गए थे.
ये भी पढ़ें: राघव चड्ढा के दल-बदल पर भड़के अन्ना हजारे, कर दी सख्त कानून की मांग, AAP को दी नसीहत