मृतकों के नाम पर किया 8 करोड़ का बीमा घोटाला! फर्जी डेथ सर्टिफिकेट से हो रही थी क्लेम की कोशिश, EOW ने खोली पोल
आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ उज्जैन
Ujjain News: मध्य प्रदेश के उज्जैन में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने एक बड़े बीमा घोटाले का पर्दाफाश किया है, जिसमें ICICI Prudential Life Insurance के साथ करीब 8 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी सामने आई है. इस पूरे मामले में बीमा एजेंट, पॉलिसी धारक, उनके नॉमिनी और पंचायत स्तर के अधिकारी तक शामिल पाए गए हैं.
शिकायत से खुला फर्जीवाड़े का जाल
यह मामला 3 सितंबर 2025 को सामने आया, जब मंदसौर और उज्जैन क्षेत्र में मृत व्यक्तियों के नाम पर बीमा पॉलिसियां जारी होने की शिकायत EOW को मिली. जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपियों ने पहले से गंभीर रूप से बीमार या मृत व्यक्तियों के नाम पर पॉलिसियां करवाईं. इसके बाद फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कर बीमा क्लेम किया गया. कुछ मामलों में तो पहले से मृत लोगों को जीवित दिखाकर पॉलिसी ली गई और बाद में उनकी मौत दिखाकर क्लेम करने की कोशिश की गई. इसमें पंचायत के सरपंच, सचिव और सहायक सचिव की भूमिका भी सामने आई, जिन्होंने नकली दस्तावेज तैयार करने में सहयोग किया.
27 पॉलिसियों में गड़बड़ी सामने आई
जांच में कुल 27 बीमा पॉलिसियां संदिग्ध पाई गईं. इनमें 19 मामलों में बीमारी की जानकारी छिपाकर पॉलिसी ली गई, जबकि 8 मामलों में मृत व्यक्तियों के नाम पर पॉलिसी जारी कर क्लेम करने की कोशिश की गई. EOW ने इस मामले में कई बीमा एजेंटों, ब्रोकर कंपनियों, पॉलिसी धारकों और पंचायत अधिकारियों को आरोपी बनाया है.
नॉमिनी भी जांच के दायरे में
इसके अलावा पॉलिसी धारकों के कई नॉमिनी भी इस घोटाले में शामिल पाए गए हैं. सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं जैसे 417, 420/511, 467, 468, 471, 120B के साथ-साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत मामला दर्ज किया गया है.
जांच में और खुलासों की संभावना
फिलहाल EOW ने पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है. दस्तावेजों की फॉरेंसिक जांच और आरोपियों से पूछताछ के बाद इस संगठित बीमा घोटाले में और भी चौंकाने वाले खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है. यह मामला दिखाता है कि किस तरह सुनियोजित तरीके से सरकारी तंत्र और बीमा प्रक्रियाओं का दुरुपयोग कर बड़े स्तर पर ठगी की कोशिश की गई.
ये भी पढे़ं- PM Modi के बाद अब CM Mohan Yadav करेंगे ‘मन की बात’, प्रदेशवासियों को रात 9 बजे करेंगे संबोधित