जज साहब का भौकाल! सरकारी आवास की बत्ती गुल होने से हुए नाराज, चित्रकूट में पूरे शहर की बिजली बंद करवा दी
बिजली सप्लाई बंद होने के बाद गुस्साए लोगों ने बिजली स्टेशन के बाहर जमकर हंगामा किया.
MP News: मध्य प्रदेश में गुरुवार रात से ही कई जिलों में आंधी-बारिश का दौर देखने को मिल रहा है. गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात सतना जिले के चित्रकूट में भी आंधी-तूफान देखने को मिला. इसके कारण शहर में तकनीकी खराबी के कारण लाइट चली गई. हालांकि बिजली विभाग के कर्मचारियों ने गड़बड़ी को सही कर दिया और लाइट दोबारा आ गई. लेकिन इस दौरान शहर के तीन घरों की लाइट वापस नहीं लौटी. इनमें एक घर जज का भी था. बस फिर क्या था जज साहब गुस्से में आग बबूला हो गए और बिजली सब स्टेशन जा पहुंचे. आरोप है कि जज ने धमकी देकर पूरे शहर की बिजली सप्लाई बंद करवा दी.
‘मेरे घर की बिजली नहीं तो सबकी लाइट बंद करो’
पूरा मामला रजौला सब स्टेशन का है. यहां मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण अभियंता प्रशांत सिंह ने पूरे मामले को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार को आंधी-तूफान के कारण इलाके में लाइट चली गई थी. लेकिन कर्मचारियों ने मरम्मत करके उसे सही करवा दिया. इस दौरान न्यायिक मजिस्ट्रेट राम अवतार पटेल के घर की लाइट वापस नहीं लौटी. आरोप है कि इसके बाद जज राम अवतार पटेल अपने सिपाहियों के साथ रजौला सब स्टेशन पहुंच गए. यहां उन्होंने बिजली सब स्टेशन ऑपरेटर को धमकाना शुरू कर दिया है. जज पर आरोप है कि उन्होंने धमकी देते हुए कहा कि अगर मेरे घर की बिजली नहीं आई तो शहर में कहीं भी बिजली सप्लाई नहीं होन चाहिए. जिसके बाद कई घंटो तक पूरे इलाके की बत्ती गुल हो गई.
बिजली सब स्टेशन के अंदर जज साहब, बाहर सिपाहियों का पहरा
आरोप है कि न्यायिक मजिस्ट्रेट राम अवतार पटेल ने बिजली सब स्टेशन ऑपरेटर को बाहर निकाल दिया और खुद स्टेशन के अंदर बैठ गए. वहीं जज के साथ आए सिपाही बाहर पहरा दे रहे थे कि कोई अंदर ना आने पाए. काफी देर तक जज बिजली सब स्टेशन के अंदर ही बैठे रहे. आरोप है कि इस दौरान उन्होंने ऑपरेटर का मोबाइल फोन भी छीन लिया.
गुस्साए लोगों ने थाने में की शिकायत
वहीं काफी देर तक बिजली ना आने पर शहरवासियों का गुस्सा फूट पड़ा. शहर के लोग बिजली सब स्टेशन पहुंच गए और जमकर प्रदर्शन किया. गुस्साए लोगों ने थाने में जाकर शिकायत भी दी है. स्थानीय लोगों को कहना है कि खुले तौर पर अपनी शक्तियों का दुरुपयोग करना है. वहीं पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि मामले में शिकायत मिली है, जिसकी जांच की जा रही है. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: वन विभाग ने बूढ़ा मानकर किया रिटायर, MP HC के आदेश पर दोबारा नौकरी करेगा कर्मचारी, 59 साल पर ही हटा दिया था