कौन हैं रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह? जिन्हें बहू की मौत के मामले में सीबीआई ने किया गिरफ्तार
गिरिबाला सिंह
Retired Judge Giribala Singh Arrested: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत ने पूरे देश में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है. इस मामले में सीबीआई ने रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जो ट्विशा की सास हैं. पूरे मामले की जांच सीबीआई कर रही है. एक दिन पहले ही मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी.
ट्विशा शर्मा नोएडा की रहने वाली थीं और मॉडलिंग व मार्केटिंग की दुनिया से जुड़ी थीं. दिसंबर 2025 में उनकी शादी भोपाल के वकील समर्थ सिंह से हुई थी. शादी के करीब पांच महीने बाद 12 मई 2026 को ट्विशा अपने ससुराल, भोपाल के कटारा हिल्स स्थित घर में मृत पाई गईं थी. परिवार का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि दहेज प्रताड़ना और हत्या का मामला है.
गिरी बाला सिंह कौन हैं?
गिरी बाला सिंह ने मध्य प्रदेश में जिला अदालत की जज के तौर पर काम किया और बाद में उपभोक्ता फोरम की अध्यक्ष का पद संभाला है. रिकॉर्ड के मुताबिक, उनका कार्यकाल 15 जुलाई, 2021 से 28 फरवरी, 2023 तक रहा है. वह समर्थ सिंह की माँ हैं, जो भोपाल के एक वकील हैं और ट्विशा शर्मा के पति हैं.
ट्विशा की मौत के बाद, गिरी बाला सिंह और समर्थ सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2) के तहत एक FIR दर्ज की गई. यह FIR तब दर्ज हुई जब ट्विशा के परिवार ने उन पर मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया.
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत की वजह फांसी लगने से दम घुटना बताई गई, लेकिन शरीर पर कई चोटों के निशान भी मिले. रिपोर्ट में गर्दन, हाथ और सिर पर चोटों का जिक्र था. इसी के बाद परिवार ने जांच पर सवाल उठाने शुरू कर दिए. ट्विशा के परिजनों का कहना है कि घटना के बाद सबूत मिटाने की कोशिश हुई और मामले को आत्महत्या साबित करने का दबाव बनाया गया.
गिरिबाला सिंह ने आरोपों को लेकर क्या कहा?
गिरिबाला सिंह ने मीडिया के सामने आकर सभी आरोपों को गलत बताया है. उन्होंने दावा किया कि ट्विशा मानसिक तनाव से गुजर रही थीं और उनका इलाज चल रहा था. उन्होंने यह भी कहा कि ट्विशा ने गर्भावस्था के दौरान नशा करने की बात स्वीकार की थी. हालांकि पुलिस ने सार्वजनिक रूप से कहा कि ड्रग्स से जुड़े आरोपों के समर्थन में कोई पुख्ता सबूत नहीं मिला.
ये भी पढ़ें:ट्विशा केस मामले में हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द, देर रात 1 बजे आया फैसला