MP News: स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर प्रदेशभर में 2500 MBBS इंटर्न की हड़ताल, हमीदिया अस्पताल की सेवाएं भी ठप
हड़ताल पर एमबीबीएस इंटर्न
MP News: भोपाल के हमीदिया अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ना शुरू हो गया है. अस्पताल में कार्यरत करीब 250 एमबीबीएस इंटर्न अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं. वहीं, प्रदेशभर के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में लगभग 2,500 इंटर्न भी इसी मांग को लेकर काम का बहिष्कार कर रहे हैं. इंटर्न्स का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग
हड़ताल कर रहे इंटर्न्स की मुख्य मांग इंटर्नशिप के दौरान मिलने वाले मासिक स्टाइपेंड में बढ़ोतरी की है. वर्तमान में उन्हें 14,337 रुपये प्रतिमाह मिलते हैं, जिसे बढ़ाकर 30,000 रुपये करने की मांग की जा रही है. उनका कहना है कि फीस के मामले में मध्य प्रदेश देश के महंगे राज्यों में शामिल है, लेकिन एमबीबीएस इंटर्न्स को दिए जाने वाले स्टाइपेंड के मामले में प्रदेश काफी पीछे है.
कई दिनों से चला रहे थे आंदोलन
इंटर्न्स के अनुसार, पिछले कई सप्ताह से वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे थे. इस दौरान विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के अधिष्ठाताओं को ज्ञापन सौंपे गए. जनजागरूकता अभियान, पदयात्रा, बाइक रैली और काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन भी किए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया.
सरकार पर निर्णय में देरी का आरोप
इंटर्न्स का कहना है कि चिकित्सा शिक्षा विभाग, आयुक्त चिकित्सा शिक्षा, संचालक चिकित्सा शिक्षा, अपर मुख्य सचिव, वित्त विभाग, वित्त मंत्री, उपमुख्यमंत्री और मुख्यमंत्री कार्यालय तक कई बार अपनी मांग पहुंचाई गई, लेकिन स्टाइपेंड बढ़ाने को लेकर कोई स्पष्ट फैसला नहीं हुआ.
एक दिन पहले निकाली थी पदयात्रा
हड़ताल से एक दिन पहले भोपाल में करीब 1,200 इंटर्न्स और भावी इंटर्न्स ने हमीदिया अस्पताल से कलेक्ट्रेट तक पदयात्रा निकालकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा था. सकारात्मक निर्णय की उम्मीद पूरी नहीं होने के बाद उन्होंने शुक्रवार दोपहर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी. इंटर्न्स का कहना है कि मांग पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.
ये भी पढे़ं- MP News: दिल्ली के छात्र आंदोलन की गूंज मध्य प्रदेश में तेज, 20 जिलों में प्रदर्शन, इंदौर में 25वें दिन भी डटे छात्र