मोहम्मद फराक का साथी शाकिर मेव गिरफ्तार, MP ATS ने राजस्थान के अलवर से दबोचा; 20 जून तक रिमांड पर भेजा गया

जांच एजेंसियों का मानना है कि शाकिर मेव की गिरफ्तारी से पूरे मॉड्यूल और उसके संपर्कों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है. एटीएस अब मामले में जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश और पूछताछ में जुटी हुई है.
Symbolic picture.

सांकेतिक तस्वीर.

MP News: मध्य प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने देश विरोधी गतिविधियों और कथित आतंकी षड्यंत्र के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीसरे आरोपी शाकिर मेव को गिरफ्तार किया है. एटीएस ने उसे राजस्थान के अलवर जिले के टप्पुकरा थाना क्षेत्र से दबोचा. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 20 जून तक एटीएस रिमांड पर भेज दिया गया है.

सेकंड-इन-कमांड है शाकिर मेव

सूत्रों के अनुसार शाकिर मेव को इस मॉड्यूल का “सेकंड-इन-कमांड” माना जा रहा है. जांच एजेंसियों का दावा है कि वह कथित आतंकी गतिविधियों की योजना बनाने और नेटवर्क को संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था. एटीएस को शक है कि आरोपी प्रतिबंधित संगठन पीएफआई और अन्य कट्टरपंथी संगठनों के संपर्क में था तथा युवाओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा था.

बताया जा रहा है कि तीन दिनों के भीतर यह एटीएस की तीसरी गिरफ्तारी है. इससे पहले मामले में मोहम्मद फराक और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है. जांच में सामने आया है कि मोहम्मद फराक कथित तौर पर युवाओं को मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण दे रहा था और आगे चलकर अफगानिस्तान जाने की तैयारी में था. एजेंसियां उसके विदेशी संपर्कों और फंडिंग नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही हैं.

इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और डिजिटल दस्तावेजों की जांच की जा रही

एटीएस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों पर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने और संभावित हमले की साजिश रचने के आरोपों की जांच की जा रही है. इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच के जरिए नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है. जांच एजेंसियों का मानना है कि शाकिर मेव की गिरफ्तारी से पूरे मॉड्यूल और उसके संपर्कों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है. एटीएस अब मामले में जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश और पूछताछ में जुटी हुई है.

फिलहाल एटीएस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया एवं जांच के निष्कर्षों के आधार पर होगी.

ये भी पढे़ं: मुरैना में ट्रेन से कटकर 4 यात्रियों की मौत, उदयपुर इंटरसिटी में आग की अफवाह से कूदे यात्री, पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आए

ज़रूर पढ़ें