भोपाल की बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी के रिजल्ट में गड़बड़ी का आरोप, 65 छात्रों को दिए जीरों नंबर
बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय
भोपाल स्थित बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय (बीयू) की परीक्षा और रिजल्ट में हुई गड़बड़ी को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं. दरअसल, बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय (बीयू) के हुजूर विधानसभा क्षेत्र के कोलार स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज में बीकॉम द्वितीय वर्ष के बिजनेस स्टैटिस्टिक्स विषय में करीब 200 विद्यार्थियों में से 65 को शून्य अंक दिए जाने का मामला सामने आया है. इतना ही नहीं एक छात्रा ने चारों विषयों के परीक्षाएं दी हैं लेकिन उसके परिणाम में सभी विषयों के उसे अनुपस्थित दर्शाया गया है.
रजिस्ट्रार को सौंपी शिकायत
इस मामले में छात्रों ने रजिस्ट्रार को लिखित शिकायत देते हुए उत्तरपुस्तिकाओं की दोबार जांच की मांग की है. मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव राजकुमार सिंह प्रभावित विद्यार्थियों के साथ बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की. इस दौरान राजकुमार ने कहा कि एक ही विषय में 65 छात्रों को शून्य मिलना कोई साधारण त्रुटि नहीं है.
इस तरह की गड़बड़ी से विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े होते हैं. उन्होंने आगे कहा कि परीक्षा और परिणाम तैयार करने की जिम्मेदारी संभालने वाली निजी कंपनी की कार्यप्रणाली की भी जांच होनी चाहिए.
जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
राजकुमार सिंह ने बताया कि साक्षी नाम की एक छात्रा ने चारों विषयों के पेपर दिए थे, लेकिन परिणाम में उसे सभी परीक्षाओं में अनुपस्थित दर्शाया गया. इसीलिए उन्होंने इस मामले में बिना कोई भेदभाव जांच और जिम्मेदारों पर कार्यवाई करने की मांग की है. राजकुमार सिहं ने आगे कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जब तक प्रभावित विद्यार्थियों को न्याय नहीं मिलता, उनकी लड़ाई जारी रहेगी. उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से जल्द जांच कर परिणाम संबंधी त्रुटियों को दूर करने की मांग की.
बरकतउल्ला विश्वविद्यालय प्रबंधन ने क्या कहा
दूसरी तरफ सप्लीमेंट्री फॉर्म भरने की अंतिम तारीख भी 1 दिसंबर है, इसलिए छात्रों को टेंशन बढ़ी हुई है. हालांकि बरकतउल्ला विश्वविद्यालय प्रबंधन ने छात्रों को भरोसा दिलाते हुए कहा है कि आज ही रिजल्ट सुधारा जाएगा. प्रभावित छात्रों को सप्लीमेंट्री फॉर्म भरने की जरूरत नहीं है.



