परीक्षा में पास छात्रों को किया फेल, गलत विषय जोड़कर दिए ‘जीरो’, भोपाल के BU पर उठे सवाल, एग्जाम एजेंसी को नोटिस
बरकतउल्लाह यूनिवर्सिटी, भोपाल
Bhopal News: भोपाल के बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी के रिजल्ट में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की शिकायतें सामने आ रही हैं. रिजल्ट जारी होने के बाद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अपनी शिकायत लेकर विश्वविद्यालय के चक्कर लगा रहे हैं. किसी छात्र को उपस्थित होने के बावजूद अनुपस्थित बताया गया, किसी के नंबर जीरो कर दिए गए तो किसी की मार्कशीट में ऐसा विषय जोड़ दिया गया, जिसे उसने चुना ही नहीं था.
अब तक 10 हजार शिकायतें
विश्वविद्यालय से जुड़े सूत्रों के मुताबिक करीब 30 प्रतिशत रिजल्ट में किसी न किसी तरह की गड़बड़ी सामने आने का दावा किया जा रहा है. वहीं अब तक करीब 10 हजार शिकायतें मिलने की बात सामने आई है.
पहला मामला- टॉपर छात्रा को दिए ‘जीरो’
सिवनी की रहने वाली छात्रा सुहानी का कहना है कि वह पढ़ाई में हमेशा से अच्छी रही हैं और टॉपर भी रही हैं. उनका दावा है कि आज तक किसी भी परीक्षा में उनके जीरो नंबर नहीं आए, लेकिन इस बार रिजल्ट में एक विषय में उन्हें जीरो नंबर देकर फेल कर दिया गया. सुहानी का सवाल है कि अगर उन्होंने परीक्षा दी है तो 100 में से 10, 15 या 5 नंबर तो आ सकते हैं, लेकिन जीरो नंबर कैसे आ गए? जब उन्होंने विश्वविद्यालय में शिकायत की तो अधिकारियों ने मामले की जांच कराने की बात कही.
इस मामले में विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने छात्रा की ओएमआर शीट की जांच कराई, जिसमें स्थिति अलग सामने आई. ओएमआर के मुताबिक छात्रा पास थी, जबकि एजेंसी द्वारा तैयार किए गए रिजल्ट में उसे फेल बताया गया था.
दूसरा मामला – गलत विषय को जोड़ा गया
भोपाल के छात्र तोहफान अहिरवार का है. तोहफान भोपाल के ही एक कॉलेज से बीकॉम कर रहे हैं. उनकी मार्कशीट में ‘टूर एंड ट्रेवल्स’ नाम का एक विषय जोड़ दिया गया. छात्र का कहना है कि उन्होंने यह विषय चुना ही नहीं था. इसके बावजूद इस विषय को उनकी मार्कशीट में जोड़ दिया गया और उसमें जीरो नंबर देकर फेल भी कर दिया गया.
ये भी पढ़ें: क्या आप भी अनिक समेत इन 25 ब्रांड्स का घी खाते हैं? हो जाएं सावधान, खाद्य विभाग की जांच में बड़ा खुलासा
तोहफान का कहना है कि वह अपनी शिकायत लेकर तीन से चार बार विश्वविद्यालय के चक्कर लगा चुके हैं. कॉलेज की ओर से उन्हें विश्वविद्यालय जाने के लिए कहा गया, जबकि विश्वविद्यालय की ओर से समस्या का जल्द निराकरण करने का आश्वासन दिया जा रहा है. रिजल्ट में सिर्फ जीरो नंबर या गलत विषय जोड़ने की शिकायत नहीं है.
गलत तरीके से नंबर दर्ज हुए
कई छात्रों का आरोप है कि उनके वास्तविक नंबरों को भी गलत तरीके से दर्ज किया गया है. हालांकि विस्तार न्यूज़ ने कई छात्रों से जब चर्चा की तो पता चला कि यह गड़बड़ी हमेशा से होती है. मगर इस बार बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई है, जिसके चलते छात्रों को यूनिवर्सिटी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं.
विश्वविद्यालय प्रशासन का क्या कहना है?
बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के सहायक कुलसचिव सुनील नायक के मुताबिक विश्वविद्यालय को कई शिकायतें मिली हैं. कुछ छात्रों ने बताया है कि उन्हें परीक्षा में उपस्थित होने के बावजूद अनुपस्थित कर दिया गया, जबकि कई छात्रों के जीरो नंबर आने की शिकायत भी सामने आई है. सुनील नायक के मुताबिक रिजल्ट तैयार करने वाली एजेंसी को लेकर विश्वविद्यालय ने कार्रवाई की है और एजेंसी पर पेनल्टी भी लगाई गई है.
पूरे मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय कमेटी बनाई गई है, जिसमें दो वरिष्ठ प्रोफेसर, रजिस्ट्रार और आईटी सेल के अध्यक्ष शामिल हैं. विश्वविद्यालय अब छात्रों की शिकायतों का मिलान ओएमआर शीट, रिजल्ट शीट और एजेंसी के डेटा से कर रहा है, ताकि वास्तविक रिकॉर्ड के आधार पर रिजल्ट में सुधार किया जा सके.
एग्जाम एजेंसी को नोटिस दिया गया
विस्तार न्यूज़ के पास उस एजेंसी को दिए गए नोटिस की एक्सक्लूसिव तस्वीर भी मौजूद है, जिसके जरिए रिजल्ट तैयार करने का काम किया गया था। विश्वविद्यालय ने रिजल्ट में सामने आई गड़बड़ियों को लेकर एजेंसी से जवाब मांगा है और कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की है।
यूनिवर्सिटी पर उठ रहे सवाल
बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी से एफिलिएटेड सैकड़ों कॉलेजों के हजारों छात्र इस वक्त कॉलेज और विश्वविद्यालय के बीच चक्कर लगा रहे हैं. कॉलेज छात्रों को विश्वविद्यालय भेज रहा है और विश्वविद्यालय जांच के बाद समाधान का भरोसा दे रहा है. सवाल यह है कि एजेंसी की गलती का खामियाजा छात्रों को क्यों भुगतना पड़ रहा है?
जिस रिजल्ट को देखकर छात्रों को अपने भविष्य का फैसला करना है, अगर उसी रिजल्ट में छात्र को फेल से पास और जीरो से वास्तविक नंबर तक की गड़बड़ियां सामने आएंगी, तो जिम्मेदारी किसकी होगी? फिलहाल विश्वविद्यालय जांच कमेटी की रिपोर्ट और शिकायतों के निराकरण का इंतजार है. छात्रों को उम्मीद है कि उनकी मार्कशीट की गलतियां जल्द सुधारी जाएंगी और उन्हें बार-बार विश्वविद्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे.