भोपाल में 5 महीनों से लगा है नए LPG कनेक्शन पर ब्रेक, 6 हजार से ज्यादा उपभोक्ता कर रहे इंतजार, ब्लैक में बिक रहे सिलेंडर

Bhopal News: फरवरी से नए कनेक्शन जारी नहीं होने के चलते शहर की 46 गैस एजेंसियों पर हर महीने मिलने वाले करीब 2 हजार नए कनेक्शन प्रभावित हो रहे हैं.
LPG Cylinder

एलपीजी सिलेंडर (फाइल इमेज)

Bhopal News: भोपाल में नए एलपीजी गैस कनेक्शन की प्रक्रिया पिछले पांच महीनों से बंद होने के कारण हजारों उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. फरवरी से नए कनेक्शन जारी नहीं होने के चलते शहर की 46 गैस एजेंसियों पर हर महीने मिलने वाले करीब 2 हजार नए कनेक्शन प्रभावित हो रहे हैं. इससे अब तक 6 हजार से ज्यादा लोग नए कनेक्शन का इंतजार कर रहे हैं. कई जरूरतमंद परिवारों को मजबूरी में 2000 से 2500 रुपए तक खर्च कर सिलेंडर खरीदना पड़ रहा है.

हर महीने जारी होते थे हजारों कनेक्शन

पिछले साल तक भोपाल में हर महीने बड़ी संख्या में नए गैस कनेक्शन जारी किए जाते थे. इनका लाभ नए मकान में रहने वाले परिवारों, किराएदारों, दूसरे शहरों से भोपाल आने वाले लोगों और परिवार के अलग होने के बाद नया कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को मिलता था. लेकिन पोर्टल बंद होने से अब इन सभी वर्गों की परेशानी बढ़ गई है.

उपभोक्ताओं को करना पड़ रहा इंतजार

कोलार निवासी अजीत सिंह ने बताया कि नया मकान बनने के बाद उन्हें अलग गैस कनेक्शन की जरूरत है, लेकिन कई महीनों से आवेदन करने के बावजूद कनेक्शन नहीं मिल सका. वहीं भेल निवासी रोहन कुमार का कहना है कि वे कई बार एजेंसी के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन हर बार यही जवाब मिलता है कि सिस्टम में नए कनेक्शन की सुविधा शुरू नहीं हुई है.

रोज पहुंच रहे नए कनेक्शन के इच्छुक लोग

गैस एजेंसी के संचालकों के मुताबिक, रोजाना 5 से 6 लोग नए कनेक्शन की जानकारी लेने पहुंचते हैं. उन्होंने बताया कि सबसे ज्यादा दिक्कत दूसरे शहरों से भोपाल आने वाले लोगों और उन इलाकों में रहने वालों को हो रही है, जहां अभी पीएनजी की सुविधा उपलब्ध नहीं है. इसके अलावा परिवार अलग होने के बाद नया कनेक्शन चाहने वाले लोग भी प्रभावित हैं.

कालाबाजारी पर विभाग की कार्रवाई

नए कनेक्शन बंद होने के बीच घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के मामले भी सामने आए हैं. खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने पिछले तीन महीनों में कार्रवाई करते हुए 1100 से अधिक सिलेंडर जब्त किए हैं. जांच में कुछ स्थानों पर सिलेंडर 2000 से 2500 रुपए तक में बेचे जाने की जानकारी मिली है.

5 लाख से ज्यादा एलपीजी उपभोक्ता

जिला आपूर्ति अधिकारी चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों, अनियमित वितरण और कालाबाजारी के मामलों में कार्रवाई की गई है. उन्होंने कहा कि नए एलपीजी कनेक्शन दोबारा कब शुरू होंगे, इसका फैसला संबंधित गैस कंपनियां लेंगी. भोपाल में तीनों गैस कंपनियों के मिलाकर 5 लाख से ज्यादा एलपीजी उपभोक्ता हैं और शहर में प्रतिदिन करीब 12 से 15 हजार सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है.

ये भी पढे़ं- LPG सिलेंडर में गैस की जगह पानी भरकर दे दिया; इंदौर में एजेंसी से शिकायत की तो कहा- 700 रुपये और दो

ज़रूर पढ़ें