3 साल बाद निशातपुरा रेलवे स्टेशन की सौगात, CM मोहन यादव इस दिन करेंगे उद्घाटन
निशातपुरा रेलवे स्टेशन भोपाल
Nishatpura Railway Station: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल का निशातपुरा रेलवे स्टेशन करोड़ों रुपये की लागत से बनकर तैयार था. लाखों यात्री इस स्टेशन के खुलने का इंतजार कर रहे थे. जल्द ही रेल यात्रियों को खुशखबरी मिलने वाली है. मुख्यमंत्री मोहन यादव 28 जुलाई को उद्घाटन करने वाले हैं. इस कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअली जुड़ेंगे. दरअसल पहले ये कार्यक्रम 26 जुलाई को होना था लेकिन सीएम की व्यस्तता के कारण इसे आगे किया गया.
‘भूतिया रेलवे स्टेशन’ बनकर रह गया था
निशातपुरा रेलवे स्टेशन का निर्माण साल 2023 में पूरा कर लिया गया था. इसकी लागत 6 करोड़ रुपये आई थी. इसके बाद से स्टेशन धूल फांकता रहा और यात्रियों के इंतजार में सूना पड़ा रहा. तीन सालों तक उद्घाटन ना होने से लोग इसे ‘भूतिया स्टेशन’ कहने लगे थे. लोगों ने इसे लेकर सवाल उठाए थे.
किन यात्रियों को फायदा होगा?
निशातपुरा के शुरू होने के बाद भोपाल का ये पांचवां रेलवे स्टेशन हो जाएगा, जहां से यात्री ट्रेनों का आवागमन होगा. अब भोपाल जंक्शन, रानी कमलापति, संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) और मिसरोद से ट्रेनों का संचालन हो रहा है. इस स्टेशन के शुरू होने के बाद निशातपुरा के साथ-साथ करोंद, आनंद नगर और आस पास के क्षेत्रों को लाभ मिलेगा.
ये भी पढ़ें: MP News: स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर प्रदेशभर में 2500 MBBS इंटर्न की हड़ताल, हमीदिया अस्पताल की सेवाएं भी ठप
किन ट्रेनों को मिलेगा स्टॉपेज?
बीना की ओर से आने वाली और इंदौर एवं उज्जैन की ओर जानी वाली ट्रेनों को निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर स्टॉपेज दिया गया. जयपुर-चेन्नई एक्सप्रेस, अजमेर-हैदराबाद एक्सप्रेस, इंदौर-हावड़ा, इंदौर-राजेंद्र नगर, विंध्याचल एक्सप्रेस, (भोपाल-दमोह) राज्यरानी, भोपाल-बीना मेमू, बिलासपुर एक्सप्रेस, झांसी-इटारसी पैसेंजर जैसी ट्रेनें शामिल हैं.
निशातपुरा स्टेशन के संचालन के बाद लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी ही, इसके साथ ही भोपाल जंक्शन पर दबाव कम हो जाएगा. ट्रेनों के आउटर पर खड़े होने की समस्या भी खत्म हो जाएगी.