पति को रिमोट से चैनल बदलना पड़ा भारी, पत्नी ने हंसिए से किया ताबड़तोड़ वार, सिर और गाल पर आई चोट
भोपाल: पत्नी ने पति पर हंसिए से किया हमला
Bhopal Crime News: आपने वो कहावत तो सुनी होगी कि चार बर्तन आपस में टकराएंगे तो आवाज आएगी. ऐसा ही कुछ रिश्ता पति-पत्नी के बीच होता है. घर की छोटी-छोटी बातों को लेकर आपस में नोंक-झोंक आम बात है. ये कहा-सुनी एक हद तक रहे तो मामला सब कुछ ठीक लगता है लेकिन जब ये अपनी सीमाएं पार कर दे तो स्थिति बिगड़ जाती है. ऐसा ही एक मामला मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से सामने आया है. पति को टीवी पर चैनल बदलना इतना भारी पड़ गया कि उसकी जान पर बन आई.
चैनल बदलने से पत्नी नाराज थी
दरअसल, ये पूरा मामला भोपाल के छोला मंदिर इलाके का है. जानकारी के मुताबिक एक व्यक्ति घर पर टीवी देख रहा था. इसे देखते-देखते हुए उसने चैनल बदल दिया. घर पर मौजूद पत्नी को ये बात पसंद नहीं आई. पति-पत्नी के बीच जोरदार बहस हो गई. ये धीरे-धीरे गुस्से और जानलेवा हमले में बदल गया. पत्नी ने पति पर हंसिए से हमला कर दिया.
इस हमले में पति लहूलुहान हो गया. उसके सिर और गाल पर चोट आई. शोरगुल सुनकर आसपड़ोस के लोग घर पर पहुंचे. घायल पति को अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उसका इलाज जारी है. स्थानीय लोगों ने पुलिस को इस बारे में सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया.
ये भी पढ़ें: हूटर लगाने वालों की खैर नहीं, कटेगा चालान, MP में 10 अगस्त तक चलेगा वाहन चेकिंग अभियान
पुलिस का क्या कहना है?
इस घटना के बारे में पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच टीवी चैनल बदलने को लेकर विवाद हुआ था. इस पर पत्नी ने पति पर हंसिए से हमला कर दिया. पीड़ित मजदूरी करता है, दंपती के दो बच्चे भी हैं. घायल पति का बयान लिया गया है और पत्नी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है. पुलिस का कहना है कि आरोपी पत्नी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.