MP Police Bharti: एमपी पुलिस में जल्द होगी 20 हजार पदों पर भर्ती, इन जातियों को मिलेगा बड़ा फायदा, सीएम ने किया ऐलान

MP Police Bharti: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैगा, भारिया और सहरिया जनजातीय युवाओं के लिए पुलिस में विशेष कंपनियां बनाने और खंडवा में नई पुलिस बटालियन स्थापित करने की घोषणा की. उन्होंने बताया कि 27534 पुलिसकर्मियों को पदोन्नति दी गई है और 9751 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है.

एमपी पुलिस/ इमेज सोर्स-विस्तार न्यूज आर्काईव

MP Police Bharti: भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस विभाग को मजबूत करने के लिए कई बड़ी घोषणाएं की हैं. सोमवार को भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित पुलिस भर्ती और पदोन्नति अभिनंदन कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि विशेष पिछड़ी जनजातीय समूह (PVTG) में आने वाले बैगा, भारिया और सहरिया जनजातीय युवाओं की विशेष पुलिस कंपनियां गठित की जाएंगी.

खंडवा में बनेगी नई बटालियन

सीएम ने घोषणा की कि खंडवा में नई पुलिस बटालियन स्थापित की जाएगी. इसके साथ ही राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल की दो बटालियनों का गठन किया जाएगा, जिसमें पहले चरण में एक बटालियन बनाई जाएगी.

बल और मनोबल दोनों बढ़ाएंगे

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पुलिस का बल और मनोबल दोनों बढ़ाने का काम कर रही है. उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग के 58 संवर्गों में 27 हजार 534 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को पदोन्नत किया गया है. वर्ष 2023 से अब तक विभिन्न संवर्गों में 14 हजार 704 से अधिक पुलिसकर्मियों का चयन हो चुका है, जबकि 9751 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है.

सीएम ने कहा कि विभागीय और तकनीकी कारणों से लंबे समय तक पदोन्नति को लेकर असमंजस की स्थिति रही. इसका मलाल है कि 20 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी बिना पदोन्नति सेवानिवृत्त हो गए. उन्होंने पुलिसकर्मियों से ईमानदारी, संवेदनशीलता, अनुशासन और निष्पक्षता के साथ काम करने की अपील की.

अगले 2 साल में होंगी 20 हजार भर्तियां

डीजीपी कैलाश मकवाणा ने बताया कि पुलिस में अभी भी 20 हजार पद रिक्त हैं. इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी दो वर्षों में आरक्षक और सब इंस्पेक्टर के जितने पदों पर भर्ती शेष है, उसे भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा. सीएम ने यह भी बताया कि मध्य प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड बनाने का काम चल रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार के ढाई साल पूरे हो चुके हैं और गृह विभाग की जिम्मेदारी भी उनके पास है, इसलिए अन्य विभागों की तुलना में इस पर थोड़ा ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है.

ये भी पढ़ें:‘आधी रात तुर्की में बदला व‍िमान…’,डोनाल्‍ड ट्रंप की जान को था खतरा, ऐसे रचा गया पूरा सीक्रेट ऑपरेशन

ज़रूर पढ़ें