CM Youth Conclave: सीएम मोहन यादव का बड़ा ऐलान, बोले- अगले साल दो बार होगी PSC की परीक्षा
छात्रा से संवाद करते सीएम मोहन यादव
CM Youth Conclave 2026: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में मंगलवार को सीएम यूथ कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से लगभग 20 हजार छात्र-छात्राएं शामिल हुए. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बच्चों से हाथ मिलाया और उनका फूलों से स्वागत किया. बच्चों से संवाद करते हुए कहा कि सबसे युवा प्रदेश, मध्य प्रदेश है. इस कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार शामिल हुए. फेमस सिंगर जुबिन नौटियाल ने पर्फोमेंस दिया.
साल में दो बार होगी PSC की परीक्षा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आने वाले साल युवाओं के लिए दो बार PSC परीक्षा करायी जाएगी. अगले साल युवा वर्ष मनाया जाएगा इसलिए दो बार परीक्षा कराने का फैसला लिया गया है. उन्होंने आगे कहा कि 12 मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे. हर महीने एक मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा. इसके साथ ही 12 नई स्किल विश्वविद्यालय भी खोले जाएंगे.
ढाई साल में मिली 85 हजार नौकरियां
मध्य प्रदेश में सारे असंभव काम पूरे हो रहे हैं. कभी मध्य प्रदेश को कृषि आधारित प्रदेश कहा जाता था. आज वही, उद्योग-धंधे लगाने, मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज स्थापित करने वाला बन गया है. राज्य में 2.5 साल के भीतर सभी क्षेत्रों का तेजी से विकास हुआ है. 85 हजार नौकरियां अलग-अलग क्षेत्रों में मिली हैं.
ये भी पढ़ें: ‘Submit बटन दबाने से आंदोलन नहीं होता’, राहुल गांधी के ‘डिजिटल सत्याग्रह’ पर बोले भाजपा नेता राकेश सिंह
मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणाएं
- हर जिले के सरकारी स्कूलों में कॉम्पिटिटिव एग्जाम के लिए मुफ्त कोचिंग की व्यवस्था.
- रिसर्च की राशि 16000 से हर महीने 25000 राशि तक बढ़ाने की घोषणा.
- एडवांस कंप्यूटिंग लैब स्थापित किए जाएंगे.
- स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने 5 करोड़ तक फंड बनाया जाएगा.
- सभी युवाओं की प्लेसमेंट के लिए एजेंसी तय करके काम करेगी.
- शोध सहायता के लिए 1 करोड़ का फंड तैयार किया जाएगा.
- 1 लाख युवाओं को कौशल उन्नयन से जोड़ा जाएगा.
- हर संभाग में वर्किंग वूमेन हॉस्टल तैयार किया जाएगा.
- अगले साल जनवरी 2027 में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया जाएगा.