MP Weather: एमपी में 23 जुलाई तक तेज बारिश के आसार! IMD ने इन जिलों में जारी किया अलर्ट, जानिए मौसम का अपडेट

MP Weather Today: मौसम विभाग के अनुसार 23 जुलाई तक प्रदेश के करीब 90 फीसदी हिस्से में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है.
Weather Update

मौसम

MP Weather Today: मध्य प्रदेश में अगले चार दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार 23 जुलाई तक प्रदेश के करीब 90 फीसदी हिस्से में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है. सोमवार को दमोह, मंडला और डिंडौरी में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. वहीं भोपाल, इंदौर समेत 47 जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है.

12 दिन से नहीं हुई जोरदार बारिश

भोपाल मौसम केंद्र के मुताबिक जुलाई के पिछले 12 दिनों से प्रदेश में व्यापक स्तर पर भारी बारिश नहीं हुई है. इसका असर मानसून के कुल आंकड़ों पर भी दिखाई दे रहा है. अब तक मध्य प्रदेश में 261.4 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जबकि सामान्य तौर पर इस समय तक 311.8 मिमी वर्षा होनी चाहिए थी. यानी प्रदेश में फिलहाल 16 प्रतिशत बारिश की कमी बनी हुई है.

इन जिलों में रहेगा बारिश का असर

दमोह, मंडला और डिंडौरी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, धार, बुरहानपुर, खरगोन, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, रीवा, सतना, शहडोल, पन्ना, सागर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. जबकि नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन और आगर-मालवा में बादल छाए रहने का अनुमान है.

कई जिलों में अब भी बारिश की कमी

प्रदेश के 39 जिले अब भी सामान्य से कम बारिश वाले हैं, जबकि भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, सीहोर, देवास और खंडवा समेत 16 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है. पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से 23 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में 10 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है.

मौसम विभाग ने बताई वजह

मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के अनुसार मानसून ट्रफ और कई चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय होने से बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मध्य भारत तक पहुंच रही है. इससे पूर्वी मध्य प्रदेश में बादलों का विकास लगातार हो रहा है. यदि आने वाले दिनों में मौसमीय तंत्र पश्चिम की ओर बढ़ते हैं, तो पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है.

ये भी पढे़ं- MP Weather: मध्य प्रदेश में मानसून फिर पकड़ेगा जोर! 19 जुलाई से तेज बारिश के संकेत, जानें मौसम का अपडेट

ज़रूर पढ़ें