MP Weather: एमपी में फिर सक्रिय हुआ मानसून, IMD ने 5 जिलाें जारी किया भारी बारिश का अलर्ट, जानें मौसम का अपडेट

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए श्योपुर, मंदसौर, रतलाम, आलीराजपुर और पन्ना में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.
aaj ka mausam

आज का मौसम

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए श्योपुर, मंदसौर, रतलाम, आलीराजपुर और पन्ना में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इन जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान करीब 4 इंच तक बारिश होने की संभावना जताई गई है. वहीं राजधानी भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है.

सामान्य से अब भी 10 प्रतिशत कम बारिश

प्रदेश में मानसून की एंट्री 24 जून को हुई थी. इसके बाद से अब तक औसतन 325.1 मिमी (12.8 इंच) बारिश रिकॉर्ड की गई है. यह आंकड़ा सामान्य से करीब 10 प्रतिशत कम है. मौसम विभाग के अनुसार इस अवधि तक प्रदेश में लगभग 359.6 मिमी (14.1 इंच) बारिश दर्ज हो जानी चाहिए थी.

बारिश की कमी लगातार हो रही कम

पिछले कुछ दिनों में वर्षा की कमी में लगातार सुधार देखने को मिला है. 20 जुलाई तक जहां प्रदेश में सामान्य से 17 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई थी, वहीं अब यह अंतर घटकर 10 प्रतिशत रह गया है. पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से 13 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में 6 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है.

50 से अधिक जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक, भारी बारिश वाले पांच जिलों के अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, झाबुआ, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, उज्जैन, देवास, आगर-मालवा, शाजापुर, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, सागर, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी समेत 50 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं.

14 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश

बारिश के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के 14 जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है, जबकि 41 जिले अब भी सामान्य से कम बारिश वाले क्षेत्र में शामिल हैं. पूर्वी मध्य प्रदेश में केवल निवाड़ी ऐसा जिला है, जहां औसत से ज्यादा बारिश हुई है. दूसरी ओर आगर-मालवा, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, देवास, हरदा, इंदौर, खंडवा, खरगोन, नीमच, राजगढ़, सीहोर, उज्जैन और निवाड़ी उन जिलों में शामिल हैं, जहां इस मानसून सीजन में सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है.

ये भी पढे़ं- MP Weather Update: सावधान! एमपी में बिगड़ने वाला है मौसम का मिजाज, अगले 48 घंटे इन जिलों पर भारी

ज़रूर पढ़ें