MP Weather: 10 नवंबर के बाद बढ़ सकती है ठंड, भोपाल-इंदौर समेत 14 शहरों में पारा 15°C से कम, ग्वालियर में AQI 300 पार
मौसम समाचार
MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है. रात के समय ठंड बढ़ रही है, जबकि सुबह कई शहरों में धुंध दिखाई दे रही है. भोपाल और इंदौर में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. बीती रात प्रदेश के 14 शहरों में पारा 14 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा. इनमें प्रदेश का एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी भी शामिल है. मौसम विभाग के अनुसार, दिवाली पर प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है. कहीं भी आंधी या बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है.
दिवाली से पहले एमपी की हवा प्रदूषित
वहीं, दिवाली से पहले मध्य प्रदेश की हवा भी जहरीली होती दिखाई दे रही है. सबसे प्रदूषित हवा ग्वालियर की हो गई है, जहां AQI 300 पार पहुंच गया. इसके साथ ही भोपाल समेत कई बड़े शहरों में भी AQI 200 पार हो गया. राजधानी भोपाल में AQI 261 दर्ज किया गया है. वहीं इंदौर में 233 और उज्जैन में 229 AQI दर्ज किया गया.
पश्चिमी विक्षोभ से बढ़ेगी ठंड
मौसम केंद्र भोपाल के मुताबिक, 10 नवंबर से उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है. इसके प्रभाव से अगले दो से तीन दिनों में प्रदेश में ठंडी हवाओं का असर बढ़ सकता है. इससे रात के तापमान में और गिरावट आने तथा ठंड बढ़ने के आसार हैं.
दिवाली पर बारिश का अलर्ट नहीं
दिवाली के दिन मौसम साफ रहने से लोगों को त्योहार मनाने के दौरान बारिश की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा. मौसम विभाग ने रविवार के लिए प्रदेश के किसी भी जिले में आंधी या बारिश की चेतावनी जारी नहीं की है. ऐसे में त्योहार के दौरान मौसम अनुकूल रहने की उम्मीद है.
नवंबर के दूसरे सप्ताह से बढ़ेगी ठंड
नवंबर के दूसरे सप्ताह से प्रदेश में ठंड का असर और तेज होने का अनुमान है. खासतौर पर ग्वालियर-चंबल संभाग में उत्तरी हवाओं के कारण रात के तापमान में तेजी से गिरावट आ सकती है. ग्वालियर में नवंबर के महीने में 57 साल पहले न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा चुका है. वहीं, उज्जैन में 53 साल पहले पारा गिरकर 2.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था.
नवंबर में बारिश की भी संभावना
भोपाल, इंदौर और जबलपुर में नवंबर के दौरान बारिश होने का भी पुराना ट्रेंड रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, इस बार महीने के शुरुआती दिनों में भी बारिश की संभावना बन सकती है. इसके अलावा नवंबर के तीसरे और चौथे सप्ताह में मौसम प्रणालियों के सक्रिय होने पर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है. फिलहाल, रात की बढ़ती ठंड और आने वाले दिनों में तापमान में संभावित गिरावट को देखते हुए लोगों को सुबह और रात के समय सावधानी बरतने की जरूरत है.



