MP विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर अधिसूचना जारी, 20 से 24 जुलाई तक चलेगा सेशन
मध्य प्रदेश विधानसभा(File Photo)
MP Vidhansabha Session: मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर अधिसूचना जारी की गई है. आगामी सत्र 20 जुलाई से 24 जुलाई तक चलेगा. 5 दिवसीयी विधानसभा सत्र को लेकर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. इसमें कई अहम विधेयक प्रस्तुत किए जाएंगे. बताया जा रहा है कि 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट पेश हो सकता है.
प्रश्न और ध्यानाकर्षण प्रस्ताव को लेकर दी जाएगी सूचना
मंगलवार को राज्यपाल की मंजूरी के साथ ही एमपी विधानसभा के आगामी मानसून सत्र की अधिसूचना जारी हो गई है. अब विधायकों को प्रश्न और ध्यानाकर्षण प्रस्ताव समेत तमाम विषयों को लेकर सूचना दी जाएगी. हालांकि नियम 139 के अंतर्गत की जाने वाली चर्चा समेत आने वाले प्रस्तावों की लिमिट भी तय की जाएगी.
2026-27 का पहला अनुपूरक बजट हो सकता है पेश
बताया जा रहा है कि 5 दिवसीय मानसून सत्र में कई अहम विधेयक सदन में पेश हो सकते हैं. सत्र के दौरान सरकार 4 से 5 विधेयक प्रस्तुत कर सकती है. इनमें उच्च शिक्षा विभाग के विधेयक भी शामिल होंगे. इसके अलावा 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट पेश होने की संभावना है.
मानसून सत्र से पहले विपक्ष भी शुरू करेगा तैयारी
विधानसभा के आगामी सत्र को अभी एक महीने का समय है. ऐसे में विपक्ष ने भी तैयारी शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि विपक्ष किसानों से संबंधित समस्याओं पर फोकस करेगा. इनमें एमएसपी, यूरिया-खाद की उपलब्धता, खराब मौसम या ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का मुआवजा जैसी चीजें शामिल हैं. इसके अलावा कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर भी विपक्ष हंगामा कर सकता है. राज्य में बढ़ते आपराधिक मामलों को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए जा सकते हैं.
ये भी पढे़ं: 27% OBC आरक्षण का मामला: MP HC में सुनवाई टली, याचिकाकर्ताओं के वकील नहीं हुए हाजिर, 24 जून को होगी हियरिंग