MP New Airport: मध्यप्रदेश में हवाई सेवाओं का बड़ा विस्तार, पहले चरण में 5 नए एयरपोर्ट बनेंगे, शुरुआत इस जिले से

MP New Airport: केंद्र सरकार ने मध्यप्रदेश में पहले चरण में 5 नए एयरपोर्ट बनाने को मंजूरी दी, जिसमें शुरुआत सिंगरौली से होगी। उज्जैन और शिवपुरी एयरपोर्ट की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए, साथ ही उड़ान योजना 2036 तक बढ़ाकर MP में हवाई सेवाओं का विस्तार किया जाएगा।
mp news

एमपी न्यू एयरपोर्ट/ इमेज सोर्स-मोहन यादव एक्स हैंडल

भोपाल: मध्यप्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. केंद्र ने प्रदेश में प्रस्तावित 10 एयरस्ट्रिप्स में से पहले चरण में 5 को एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने की मंजूरी दे दी है. इनमें सबसे पहले भोपाल से सबसे दूरस्थ नगर निगम सिंगरौली में एयरपोर्ट बनाया जाएगा. केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजारापु राममोहन नायडू ने रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ हुई विमानन विभाग की समीक्षा बैठक में इसकी घोषणा की.

सीएम ने क्या कहा ?

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार 10 एयरस्ट्रिप्स को एयरपोर्ट में बदलने में पूरी मदद करेगी. बैठक में मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अभी 8 एयरपोर्ट तैयार हैं, जबकि उज्जैन और शिवपुरी में नए एयरपोर्ट का निर्माण चल रहा है. राज्य सरकार ने सिंगरौली, सागर, नीमच, छिंदवाड़ा, मंडला, खंडवा, रतलाम, मंदसौर, उमरिया और शहडोल को शामिल करते हुए 10 उन्नत एयरस्ट्रिप्स को एयरपोर्ट बनाने का प्रस्ताव भेजा है. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उड़ान योजना को 2036 तक बढ़ा दिया गया है और इसके तहत देशभर में 100 नए एयरपोर्ट बनेंगे.

सिंहस्थ-2028 को देखते हुए उज्जैन को खास महत्व

मध्यप्रदेश के सभी प्रस्तावित स्थल इसी योजना के तहत विकसित होंगे. बैठक में उज्जैन और शिवपुरी एयरपोर्ट की प्रगति की भी समीक्षा हुई. मंत्री नायडू ने एयरपोर्ट अथॉरिटी और राज्य विमानन विभाग को दोनों परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए. उज्जैन एयरपोर्ट के लिए सभी पर्यावरणीय अनुमतियां 10 अक्टूबर 2026 तक लेने को कहा गया. सिंहस्थ-2028 को देखते हुए उज्जैन एयरपोर्ट को खास महत्व दिया जा रहा है ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सीधी हवाई सुविधा मिल सके.

शिवपुरी में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की तैयारी शुरू

वहीं शिवपुरी में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए नई साइट जल्द तय करने के निर्देश दिए गए. विभाग के अनुसार पिछले 6 महीने में प्रदेश के 50 हजार से ज्यादा यात्रियों ने हवाई यात्रा की है. प्रदेश में पीएम श्री वायु पर्यटन, हेली पर्यटन और एयर एम्बुलेंस सेवा भी चल रही हैं. एयर एम्बुलेंस से अब तक 170 से अधिक गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचाया गया है, जिनमें 99 प्रतिशत की जान बचाई गई.आयुष्मान कार्डधारियों को यह सेवा मुफ्त दी जा रही है.

ये भी पढ़ेंः छात्र आंदोलन के समर्थन में उतरे जयराम महतो! बिना पानी बैठे उपवास पर, विधानसभा मार्च का ऐलान

ज़रूर पढ़ें