MP Weather Today: एमपी में मानसून मेहरबान! 32 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश, जानें मौसम का अपडेट
मध्य प्रदेश मौसम अपडेट
MP Weather Today: मध्य प्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है. जुलाई के शुरुआती दिनों में हुई लगातार बारिश के चलते प्रदेश में अब तक 234.4 मिमी यानी 9.4 इंच वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य 212.3 मिमी से करीब 10 प्रतिशत अधिक है. भोपाल, इंदौर, उज्जैन समेत 32 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है. मौसम विभाग का अनुमान है कि जुलाई भर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा.
अगले चार दिन बारिश का दौर
मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से तेज बारिश की संभावना जताई है. पन्ना और सतना में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जहां 24 घंटे में 4 इंच या उससे अधिक पानी गिर सकता है. इसके अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सागर, छिंदवाड़ा, बालाघाट, खंडवा, खरगोन, मंदसौर और कई अन्य जिलों में भी बारिश के आसार हैं.
कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज
गुरुवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई. मंडला में करीब पौन इंच वर्षा दर्ज की गई, जबकि सिंगरौली और बालाघाट में आधा इंच के आसपास पानी बरसा. इसके अलावा बैतूल, ग्वालियर, नर्मदापुरम, जबलपुर, खजुराहो, सागर, सतना और सीधी में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई.
जुलाई ने पूरी की जून की कमी
जून महीने में प्रदेश में सामान्य से करीब 30 प्रतिशत कम बारिश हुई थी, लेकिन जुलाई के पहले नौ दिनों की बारिश ने यह कमी पूरी कर दी. पूर्वी मध्य प्रदेश में अभी भी सामान्य से 9 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज है, जबकि पश्चिमी हिस्से में औसत से 29 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है. मौसम विभाग का कहना है कि यदि यही सिलसिला जारी रहा तो प्रदेश में इस बार मानसून का प्रदर्शन सामान्य से बेहतर रह सकता है.
ये भी पढे़ं- MP Weather Today: एमपी में स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव, दिन भर बरसेगा पानी, IMD ने इन जिलों के लिए जारी किया अलर्ट