Bhopal: 42 हजार बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत! ग्रामीणों क्षेत्रों में 5 रुपये में मिलेगा नया कनेक्शन
बिजली बिल
Bhopal News: बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं को जल्द दूर करने के लिए मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की ओर से संपर्क अभियान 2026 चलाया जा रहा है. इसके तहत भोपाल शहर और ग्रामीण इलाकों में अब तक 814 शिविर आयोजित किए जा चुके हैं.
इन शिविरों के जरिए 42 हजार 724 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया है. अभियान का मकसद उपभोक्ताओं को घर के नजदीक ही बिजली से जुड़ी समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराना है.
शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में शिकायतों का निपटारा
कंपनी से मिली जानकारी के मुताबिक, भोपाल शहर वृत्त में 483 शिविर लगाए गए, जिनमें 30 हजार 163 शिकायतों का समाधान किया गया. वहीं, भोपाल ग्रामीण वृत्त में 331 शिविरों के माध्यम से 12 हजार 561 शिकायतों का निराकरण हुआ. इस तरह दोनों क्षेत्रों में मिलाकर 42 हजार 724 शिकायतों का समाधान किया गया.
बिलिंग से लेकर खराब मीटर तक की समस्याएं दूर
शिविरों में बिजली बिलों में गड़बड़ी, मीटर रीडिंग और बिलिंग से जुड़ी समस्याओं को दूर किया जा रहा है. इसके अलावा खराब या बंद मीटर बदलने, स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों, सर्विस केबल की मरम्मत, कम वोल्टेज और ट्रांसफार्मर से जुड़ी परेशानियों का भी समाधान किया जा रहा है.
नए कनेक्शन और ई-केवाईसी की सुविधा
संपर्क अभियान के तहत उपभोक्ताओं को नए बिजली कनेक्शन लेने, स्वीकृत भार बढ़वाने, नाम और श्रेणी में बदलाव कराने जैसी सुविधाएं भी दी जा रही हैं. इसके साथ ही ई-केवाईसी की प्रक्रिया भी पूरी कराई जा रही है. ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू उपयोग और कृषि पंप के लिए 5 रुपये में नया बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की सुविधा भी अभियान का हिस्सा है.
ये भी पढे़ं- Electricity Bill Saving Tips: बिजली का बिल आ रहा है ज्यादा, इन 4 आसान तरीकों से हर महीने करें बड़ी बचत