Bhopal Tiranga Yatra: भोपाल में विशाल तिरंगा यात्रा, 1 लाख से ज्यादा लोग हुए शामिल, CM मोहन यादव ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज
भोपाल में तिरंगा यात्रा
Bhopal Tiranga Yatra: भोपाल में शुक्रवार को देशभक्ति का भव्य नजारा देखने को मिला. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत कर्मश्री संस्था के तत्वावधान में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई. हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. यात्रा की शुरुआत सुबह 10 बजे कोलार सिक्स लेन स्थित मदर टेरेसा स्कूल के सामने से हुई, जो करीब 32 किलोमीटर का सफर तय कर संत नगर के भैंसाखेड़ी मंडी क्षेत्र तक पहुंचेगी.
एक लाख से ज्यादा लोगों के शामिल होने का दावा
आयोजकों के मुताबिक, यात्रा में एक लाख से ज्यादा लोगों के शामिल होने का अनुमान है. बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा का हिस्सा बने. मुख्यमंत्री मोहन यादव, विधायक रामेश्वर शर्मा समेत भाजपा के कई जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और नागरिक इसमें शामिल हुए. आयोजन समिति के अनुसार, यात्रा के लिए करीब 50 हजार वाहनों का रजिस्ट्रेशन किया गया है.
1100 से अधिक जगहों पर स्वागत की तैयारी
यात्रा मार्ग पर 1100 से अधिक स्थानों पर स्वागत की तैयारी की गई है. अलग-अलग स्थानों पर नागरिकों और सामाजिक संस्थाओं की ओर से यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया जाएगा. प्रशासन ने भीड़ को देखते हुए यातायात, पार्किंग और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं.
अधिकारियों ने किया यात्रा मार्ग का निरीक्षण
यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए विधायक रामेश्वर शर्मा ने मंगलवार को कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के साथ आयोजन स्थल और पूरे रूट का निरीक्षण किया था. अधिकारियों ने मुख्य मंच, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की. बारिश की संभावना को देखते हुए भी व्यवस्थाओं में जरूरी बदलाव करने के निर्देश दिए गए थे.
सेल्फी पॉइंट पर नशे के खिलाफ संदेश
इस बार तिरंगा यात्रा में देशभक्ति के साथ युवाओं को सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक करने का संदेश भी दिया जा रहा है. चुना भट्टी चौराहे समेत शहर के कई हिस्सों में सेल्फी पॉइंट बनाए गए हैं. इन पर ‘Gen-Z Against Addiction’ और ‘नशा मुक्त युवा’ जैसे संदेश प्रदर्शित किए गए हैं. विधायक रामेश्वर शर्मा ने कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं के साथ सेल्फी पॉइंट पर तस्वीरें खिंचवाकर युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की.
ये भी पढे़ं- MP News: बालाघाट में पहली बार सरेंडर नक्सली मनाएंगे स्वतंत्रता दिवस, नक्सल मिलिंद के गोद गांव में लहराएगा तिरंगा