सीहोर के साहित्यकार पंकज सुबीर को मिला ‘केएलएफ बुक ऑफ द ईयर’ अवार्ड, दिल्ली में किया जाएगा सम्मानित
साहित्यकार पंकज सुबीर
MP News: साहित्य जगत से सीहोर और पूरे मध्य प्रदेश के लिए गौरवशाली खबर सामने आई है. शहर के वरिष्ठ साहित्यकार एवं कथाकार पंकज सुबीर को उनके चर्चित कहानी संग्रह ‘ख़ैबर दर्रा’ के लिए कलिंगा इंटरनेशनल लिटरेचर फेस्टिवल (KLF) के प्रतिष्ठित ‘केएलएफ बुक ऑफ द ईयर’ अवार्ड से सम्मानित करने की घोषणा की गई है. यह उपलब्धि इसलिए भी ऐतिहासिक है क्योंकि इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक मंच का यह सम्मान पहली बार मध्य प्रदेश के किसी रचनाकार के हिस्से में आया है.
यह सम्मान आगामी दिसंबर माह में नई दिल्ली में आयोजित होने वाले एक भव्य और गरिमामय समारोह में देश-विदेश के प्रमुख साहित्यकारों, विचारकों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में प्रदान किया जाएगा.
समकालीन कथा साहित्य में विशेष पहचान रखता है ‘ख़ैबर दर्रा’
पंकज सुबीर का कहानी संग्रह ‘ख़ैबर दर्रा’ अपने प्रकाशन के बाद से ही साहित्यिक हलकों में चर्चा के केंद्र में रहा है. मानवीय संवेदनाओं, सामाजिक अंतर्विरोधों और ऐतिहासिक-सांस्कृतिक संदर्भों को अपनी सहज और तीखी भाषा शैली में पिरोने के लिए इस कृति को पाठकों और समीक्षकों दोनों की ओर से भरपूर सराहना मिली है. चयन समिति ने संग्रह की कहानियों के शिल्प, विषय चयन और कथ्य की गहराई को रेखांकित करते हुए इसे इस वर्ष के सर्वश्रेष्ठ कथा सम्मान के लिए चुना.
साहित्यिक और सामाजिक जगत में हर्ष की लहर
सुबीर को यह सम्मान मिलने की घोषणा के साथ ही सीहोर सहित समूचे प्रदेश के साहित्यिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक हलकों में हर्ष का माहौल है. स्थानीय साहित्यकारों, पत्रकारों और प्रबुद्धजनों ने इसे सीहोर की साहित्यिक पहचान के लिए एक बड़ा मील का पत्थर बताते हुए उन्हें बधाइयां प्रेषित की हैं. लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय स्तर पर सीहोर का नाम रोशन करने वाली यह उपलब्धि नई पीढ़ी के रचनाकारों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी.
ये भी पढे़ं- अभिनेता रघुवीर यादव को मिलेगा किशोर कुमार सम्मान, 13 अक्टूबर को खंडवा में सजेगी गीतों की महफिल