MP में बदलेगा मिड डे मील का मेन्यू , भुट्टे का कीस, दाल-बाफला होंगे शामिल, हफ्ते में एक दिन मिलेगा लोकल फूड
मिड डे मील
MP Mid Day Meal Menu: मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में मिलने वाला मिड डे मील और ज्यादा स्वादिष्ट और जायकेदार होने वाला है. अब बच्चों की थाली में दाल-रोटी ही नहीं इसके साथ-साथ भुट्टे का कीस, दाल बाफला, सेंव टमाटर की सब्जी, दाल पानिया और बाजरे की रबड़ी जैसे लजीज व्यंजन परोसे जाएंगे. राज्य सरकार ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं.
बच्चों को खाने में क्या-क्या दिया जाएगा?
बच्चों को मध्य प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्र के हिसाब से खाना परोसा जाएगा. इसके साथ ही विविधता, स्वाद और पौष्टिकता का ध्यान रखा जाएगा. बच्चों को हफ्ते में एक बार लोकल फूड भी दिया जाएगा.
मालवा और निमाड़ अंचल: भुट्टे का कीस, गेहूं की थूली (लापसी), दाल बाफला, सेंव टमाटर की सब्जी, ज्वार-बाजरे की रोटी, मक्का-ज्वार की भाकरी, दाल पानिया
बघेलखंड और विंध्य क्षेत्र: इंद्रहर, फुलौरी की कढ़ी, महेरी, मक्का, रिकमच, ज्वार-बाजरा की रोटी, कोदो-कुटकी से बना व्यंजन.
बुंदेलखंड और ग्वालियर चंबल: महेरी या महरिया, बेसन के चीले, दाल-बाटी, ज्वार-बाजरे की रोटी, बाजरे की राबड़ी या महेरी, बेड़ई, दाल और मौसमी सब्जियां.
महाकौशल क्षेत्र (जबलपुर): इंद्रहर, फुलौरी की कढ़ी, कोदो-कुटकी की खीर, ज्वार मक्का का रोटी.
जनजातीय बाहुल्य क्षेत्र (झाबुआ, आलीराजपुर, मंडला, डिंडोरी): महुआ और अलसी से बने लड्डू, कोदो-कुटकी की खीर, खिचड़ी, वनोपज से बने पारंपरिक व्यंजन.
भोपाल-नर्मदापुरम अंचल: दाल बाफला, पंचमेल दाल, थूली, मक्का और गेहूं से स्थानीय व्यंजन.
बच्चों से फीडबैक लिया जाएगा
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने मिड डे मील के लिए पोषण शक्ति निर्माण योजना की नई मार्गदर्शिका जारी की है. इसमें भोजन को स्वादिष्ट बनाने के साथ-साथ विविधता, पोषण स्तर और पकाने के तरीके से जुड़े बदलाव किए गए हैं. इसके अनुसार अब खाने के मेन्यू को तैयार करने में अब केवल प्रशासनिक अधिकारियों की ही भूमिका नहीं रह जाएगी. बच्चों के परिजनों, स्टूडेंट्स से फीडबैक लिया जाता है.
हर स्कूल रेसिपी बुक बनाई जाएगी
- एक्सपर्ट्स की मदद से हर स्कूल के लिए रेसिपी बुक तैयार की जाएगी.
- हफ्ते में दो दिन हरे पत्तेदार सब्जी बनाई जाएगी और एक दिन मौसमी फल दिए जाएंगे.
- दही ना होने पर कैथा (कबीट), आम, इमली जैसे पदार्थ कढ़ी के लिए इस्तेमाल किए जा सकेंगे.
- खीर ना होने पर गुड़ से बना मीठा दलिया परोसा जा सकता है.



