MP TET परीक्षा फॉर्म की तारीख फिर बढ़ी, शिक्षक भूख हड़ताल पर बोले-नहीं भरेंगे फॉर्म
सांकेतिक तस्वीर
मध्य प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी की TET परीक्षा की तारीख बढ़ा दी गई है. ये तीसरी बार है कि जब टीईटी परीक्षा के लिए आवेदन की तारीख बढ़ाई गई है. नए नोटिफिकेशन के अनुसार, इन-सर्विस (सेवारत) शिक्षक 11 अक्टूबर 2026 तक टीईटी परीक्षा का फॉर्म भर सकते हैं और 12 अक्टूबर तक आवेदन में सुधार कर सकते हैं. इससे पहले आखिरी तारीख 5 अक्टूबर तय की गई थी.
इस वजह से तीसरी बार बढ़ानी पड़ी तारीख
टीईटी परीक्षा के लिए आवेदन की यह तारीख इसलिए बढ़ानी पड़ी क्योंकि प्रदेश के करीब 1.5 लाख शिक्षकों में से बेहद कम शिक्षकों ने फॉर्म भरा है और शिक्षक इस परीक्षा का लगातार बहिष्कार कर रहे हैं. जानकारी के मुताबिक अब तक सिर्फ 22 हजार टीईटी के आवेदन ही प्राप्त हुए हैं. सबसे हैरानी वाली बात तो ये है कि इन 22 हजार में भी सरकारी शिक्षक केवल 4 हजार है. जबकि इस परीक्षा के दायरे में करीब डेढ़ लाख शिक्षक आ रहे हैं.
अंतिम दिन नजदीक आते ही शिक्षकों का आरोप है कि जिला शिक्षा अधिकारियों और संकुल प्राचार्यों के माध्यम से उन्हें आवेदन करने के लिए कहा जा रहा है. शिक्षक संगठनों का कहना है कि व्यक्तिगत रूप से शिक्षकों से संपर्क कर फॉर्म भरने का दबाव बनाने के बजाय सरकार को उनकी आपत्तियों पर बातचीत करनी चाहिए.
आंदोलन कर रहे टीचरों का तर्क
इस परीक्षा के विरोध में आंदोलन कर रहे शिक्षकों का तर्क हैं कि उनकी सेवा का स्वरूप समय के साथ बदलता रहा है. कई शिक्षक बताते हैं कि उन्होंने 1998 में शिक्षाकर्मी के रूप में सेवा शुरू की, 2011 में अध्यापक बने और 2024 में उन्हें उच्च माध्यमिक शिक्षक का प्रभार दिया गया. ऐसे में उनका सवाल है कि अब उन्हें किस पद के लिए पात्रता परीक्षा देनी होगी. टीचरों का कहना है कि सरकार पहले इस स्थिति को स्पष्ट करें, इसके बाद परीक्षा को लेकर कोई फैसला किया जाए.
ये भी पढे़ं- भोपाल: आयुष्मान भारत योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा, 709 मरीजों के नाम पर निकाली रकम, जानें पूरा मामला