MP News: बारिश और भूस्‍खलन से थमी अमरनाथ यात्रा, जम्मू में वापसी के इंतजार में भोपाल के 300 से ज्यादा श्रद्धालु

MP News: सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने पहलगाम और बालटाल, दोनों मार्गों पर आवाजाही फिलहाल रोक दी है. इसके चलते देशभर से पहुंचे हजारों श्रद्धालु जम्मू और कटरा में रुके हुए हैं.
Bhopal devotees awaiting their return

वापसी के इंतजार में भोपाल के श्रद्धालु

MP News: लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के कारण अमरनाथ यात्रा पिछले 48 घंटे से प्रभावित है. सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने पहलगाम और बालटाल, दोनों मार्गों पर आवाजाही फिलहाल रोक दी है. इसके चलते देशभर से पहुंचे हजारों श्रद्धालु जम्मू और कटरा में रुके हुए हैं. इनमें भोपाल के 300 से अधिक श्रद्धालु भी शामिल हैं, जो यात्रा दोबारा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं.

भोपाल के जत्थे भी प्रभावित

खराब मौसम का असर भोपाल से रवाना हुए श्रद्धालुओं पर भी पड़ा है. ओम शिव शक्ति सेवा मंडल के सचिव रिंकू भटेजा ने बताया कि मंडल का 11वां जत्था 15 जुलाई और 12वां जत्था 17 जुलाई को अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुआ था, लेकिन रास्ते बंद होने के कारण दोनों जत्थे अभी तक बाबा बर्फानी के दर्शन नहीं कर सके हैं.

महंगे ठहराव से बढ़ी परेशानी

जम्मू और कटरा में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से होटल और धर्मशालाओं पर दबाव बढ़ गया है. कई यात्रियों ने महंगे ठहराव के कारण होम स्टे का सहारा लिया है, जबकि बड़ी संख्या में श्रद्धालु लंगरों में भोजन कर रहे हैं. चांदबड़ क्षेत्र के अशोक यादव और राजेंद्र कुमार ने बताया कि वे फिलहाल होम स्टे में रुके हैं. वहीं, राजेश जायसवाल ने बताया कि वह अपने 12 साथियों के साथ जम्मू की एक निजी धर्मशाला में ठहरे हुए हैं.

मौसम साफ होने का इंतजार

सोमवार को भी मौसम में सुधार नहीं होने के कारण यात्रा शुरू नहीं हो सकी. हालांकि, बालटाल मार्ग पर गुफा के नजदीक पहले से रुके कुछ श्रद्धालुओं को आगे बढ़ने की अनुमति दी गई. बाकी सभी जत्थों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है. प्रशासन लगातार मौसम और मार्ग की स्थिति पर नजर बनाए हुए है, जबकि श्रद्धालु यात्रा दोबारा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं.

ये भी पढे़ं- एमपी-यूपी के यात्रियों का सफर होगा लग्जरी और फास्ट, भोपाल से लखनऊ के बीच जल्द दौड़ेगी स्लीपर वंदे भारत

ज़रूर पढ़ें