Bhopal: रिटायर्ड IAS मर्डर केस, आरोपी वरुण पर 50 हजार के इनाम का ऐलान, 5 राज्यों में तलाशी जारी
आरोपी वरुण पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित
Bhopal Retired IAS Murder Case: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल की बेरहमी से हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी वरुण पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है. वारदात के बाद से केयरटेकर फरार है. पुलिस मुख्यालय ने आरोपी के डिजिटल फुटप्रिंट की तलाश के लिए दो टीमों को गठित किया है.
आरोपी की 5 राज्यों में तलाशी जारी
रिटायर्ड IAS की हत्या के बाद से आरोपी केयरटेकर वरुण कुमार फरार है. गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच की 11 और भोपाल पुलिस जोन-1 की चार टीमें तलाशी में जुटी हुई हैं. पुलिस की अलग-अलग टीमें पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और मध्य प्रदेश में खोजबीन कर रही है. इसके साथ ही आरोपी की मोबाइल लोकेशन ट्रेस नहीं हो पायी है.
डिजिटल फुटप्रिंट और मोबाइल नंबरों की लोकेशन खोजी जा रही है. आगरा और पटियाला में रहने वाली बहनों से पुलिस ने पूछताछ की है. जानकारी के मुताबिक वरुण की आखिरी लोकेशन आगरा-मथुरा रूट पर मिली. इसके साथ ही अलग-अलग राज्यों के रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं.
ये भी पढ़ें: भोपाल में पूर्व IAS राकेश अग्रवाल की हत्या कर घर को ब्लास्ट करना चाहता था हत्यारा! क्या था आरोपी का प्लान?
सीसीटीवी में कैद हुआ केयरटेकर
भोपाल के नीलबड़ थाना क्षेत्र के सूरजनगर में रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल की बेहरमी से हत्या कर दी गई थी. पुलिस को प्रारंभिक जांच में शक केयरटेकर पर गया. इसकी सबसे बड़ी वजह वारदात के बाद से वह फरार है. पूर्व अधिकारी ने केयरटेकर को वर्मा केयरटेकर एजेंसी से हायर किया था. एजेंसी के पास पुलिस वेरिफिकेशन भी नहीं है. इसके साथ ही एड्रेस प्रूफ अपडेट नहीं है. बताया जा रहा है कि वह पंजाब के पटियाला का रहने वाला है.
सीसीटीवी भी सामने आया है, जिसमें वह भागता हुआ दिखाई दे रहा है. रात करीब 2.40 बजे आरोपी घर के बाहर निकलता दिखाई दे रहा है. इसके बाद घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर लगे CCTV कैमरों में आरोपी हाथ में एक बैकबैग और एक झोला लिए दिखाई दे रहा है.