Bhopal: मोती मस्जिद के सामने लगे बैरिकेड्स हटाने को लेकर धरने पर बैठे व्यापारी, बाजार बंद करके सड़क पर किया प्रदर्शन
भोपाल में व्यापारियों का धरना प्रदर्शन
Bhopal News: भोपाल के मोती मस्जिद के सामने लंबे समय से लगाए गए बैरिकेड्स को हटाने की मांग को लेकर शुक्रवार को व्यापारियों का आक्रोश खुलकर सामने आया. विरोध जताते हुए व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं और सड़क पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया. उनका कहना है कि बैरिकेड्स के कारण ग्राहकों और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, जिससे कारोबार पर सीधा असर पड़ रहा है. व्यापारियों का आरोप है कि कई बार मांग उठाने के बावजूद पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की.
प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी
व्यापारी संघ के अध्यक्ष अभिषेक जैन ने कहा कि जब तक बैरिकेड्स नहीं हटाए जाएंगे, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने बताया कि इससे पहले बुधवार को भी व्यापारियों ने रैली निकालकर पुलिस और प्रशासन को अपनी नाराजगी से अवगत कराया था और जल्द समाधान की मांग की थी.
प्रदर्शन में भोपाल व्यापारी महासंघ, श्री सराफा एसोसिएशन, फेडरेशन ऑफ राजधानी वस्त्र व्यवसायी संघ, ओल्ड भोपाल होलसेल रेडीमेड संघ, आजाद मार्केट व्यापारी संघ, नदीम रोड व्यापारी संघ और इब्राहिमपुरा व्यापारी संघ सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी भी शामिल हुए.
आवागमन प्रभावित होने से बढ़ी मुश्किलें
व्यापारियों का कहना है कि मोती मस्जिद के सामने इकबाल मैदान चौराहे पर बैरिकेड्स लगाए जाने के बाद भोज सेतु की ओर से आने वाले वाहनों को सीधे बाजार पहुंचने के बजाय सदर मंजिल और चिरायु अस्पताल की ओर से लंबा चक्कर लगाकर लखेरापुरा, चौक बाजार, सराफा, जुमेराती, बुधवारा और इब्राहिमगंज जैसे प्रमुख बाजारों तक पहुंचना पड़ता है. इससे न केवल लोगों का समय बढ़ रहा है, बल्कि व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं.
दमकल की देरी का भी उठाया मुद्दा
व्यापारियों ने यह भी याद दिलाया कि 1 अगस्त को चौक बाजार में लगी भीषण आग के दौरान दमकल वाहन बैरिकेड्स के कारण समय पर मौके तक नहीं पहुंच सका था. आग करीब 100 साल पुरानी कपड़े की दुकान में लगी थी और देरी से पहुंचने के कारण नुकसान बढ़ गया. इसके बाद से ही व्यापारियों में पुलिस की व्यवस्था को लेकर नाराजगी लगातार बढ़ रही है.
पुलिस ने बताई बैरिकेड्स लगाने की वजह
वहीं, पुलिस का पक्ष है कि इस स्थान पर कई वाहन चालक नियमों का उल्लंघन करते हुए पीर गेट की ओर रॉन्ग साइड से प्रवेश कर रहे थे, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी. इसी वजह से यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए यहां बैरिकेड्स लगाए गए हैं.
ये भी पढे़ं- Indore: गुमटी-ठेले हटाने को लेकर निगम मुख्यालय में हंगामा, नेता प्रतिपक्ष और अपर आयुक्त में तीखी बहस