MP News: उमंग सिंघार का विवादित बयान, कहा- राष्ट्रपति BJP के एजेंट के तौर पर काम कर रही हैं
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार(File Photo)
MP News: मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज होने के बाद भोपाल से लेकर दिल्ली तक सियासत गरमा गई है. कांग्रेस के एमपी और राष्ट्रीय कांग्रेस के नेता इस समय दिल्ली में डेरा जमाए हुए हैं. हालांकि सुप्रीम कोर्ट में कांग्रेस की याचिका खारिज हो गई. लगातार सियासी बयानबाजी का दौर भी जारी है. इस बीच एमपी में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का विवादित बयान सामने आया है. उन्होंने राष्ट्रपति को बीजेपी का एजेंट बता दिया.
‘राष्ट्रपति पूरे देश की हैं, लेकिन BJP एजेंट की तरह काम कर रही’
उमंग सिंघार ने कहा, ‘राष्ट्रपति महोदया देश की राष्ट्रपति हैं. लेकिन जिस तरह से उन्होंने मेल भिजवाया है कि उन्हें हमसे नहीं मिलना है. इससे स्पष्ट है कि वह एक बीजेपी के एजेंट की तरह कार्य कर रही हैं. क्या वह लोकतंत्र को नहीं बचाना चाहती हैं. क्या कोई भी व्यक्ति विधायक, सांसद चुनाव ना लड़ पाए. मैं पूछना चाहता हूं कि क्या वह नहीं चाहती हैं कि ऐसा हो? लोकतंत्र को बचाने के लिए सभी को आगे आना होगा.’
‘रिटर्निंग ऑफिसर ने कहा है कि नौकरी बचानी है’
एमपी में तीसरी राज्यसभी सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज होने के बाद कांग्रेस नेता लगतार बीजेपी के साथ ही चुनाव आयोग पर भी हमलावर हैं. इस बीच कांग्रेस नेता उमंग सिंघार ने बड़ा दावा किया है. सिंघार ने कहा कि नामांकन रद्द होने के बाद जब हमारे नेता और विधायकों ने रिटर्निंग ऑफिसर से पूछा कि आपने इतनी बड़ी गलती क्यों की. इस पर रिटर्निंग ऑफिसर ने अपनी लाचारी जाहिर की. आरओ ने हमारे विधायकों से कहा कि उन्हें अपनी नौकरी बचानी है. हालांकि कांग्रेस नेता के इस दावे पर अभी तक आरओ की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.
बता दें कि चुनाव आयोग के 48 घंटों तक कोई भी जवाब ना देने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने भी कांग्रेस की याचिका खारिज कर दी है. इससे एमपी से राज्यसभा सीटों पर बीजेपी के तीनों प्रत्याशियों का रास्ता साफ हो गया है. रिटर्निंग ऑफिसर ने मंगलवार को ही बीजेपी के तीनों प्रत्याशियों को जीत का सर्टिफिकेट दे दिया था.
ये भी पढ़ें: मीनाक्षी नटराजन को बड़ा झटका, SC ने खारिज की याचिका, नहीं लड़ पाएंगी राज्यसभा चुनाव