सरकारी योजनाओं की ‘कछुआ चाल’ जनता के लिए बनी मुसीबत! अमृत योजना के लिए खुदे 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरा बाइक सवार

अमृत योजना 2.0 के अंतर्गत किए जा रहे इस काम के चलते इलाके में आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम की लापरवाही के चलते इस तरह के हालात बन रहे हैं.
Bike rider falls into 15 feet deep pit dug for Amrit Yojana

अमृत योजना के तहत खोदे गए 15 फीट गड्ढे में बाइक सवार युवक गिरा.

MP News: सरकारी योजनाओं की कछुआ चाल राह चलते लोगों के लिए काल बनती जा रही है. जबलपुर में अमृत योजना 2.0 के तहत सड़क में किए गए 15 फीट गहरे गड्ढे में एक तेज रफ्तार बाइक चालक सीधा गिर गया. हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसे देखकर आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे. गनीमत रही कि इस हादसे में बाइक चालक को गंभीर चोट नहीं लगी है.

बाइक सवार दूसरा युवक गड्ढे के बाहर गिरा

पूरा मामला रांझी थाना इलाके के गोकलपुर क्षेत्र का है. यहां हैरान कर देने वाली एक घटना सामने आई है. तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए आ रहा एक युवक अमृत योजना के अंतर्गत खोदे गए गड्ढे में जा समाया. इस हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार बाइक से आ रहा युवक गड्ढे के बाहर पड़े मिट्ठी के ढेर से टकराते हुए उछलकर सीधे 15 फुट गड्ढे में समाता हुआ नजर आ रहा है, इसके अलावा वीडियो में बाइक सवार दूसरा युवक भी उछलकर गड्ढे की सतह पर गिरता हुआ दिखाई दे रहा है.

हादसे की जानकारी पाकर स्थानीय लोगों मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देकर दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल की ओर रवाना किया. गनीमत रही की इतने भयानक सड़क हादसे के बावजूद भी बाइक चालक और उसके साथी को मामूली चोटें आई हैं.

अमृत योजना 2.0 के तहत हुई है सड़क की खुदाई

दरअसल नगर निगम के द्वारा रांझी और गोकलपुर इलाके में सड़कों की खुदाई कर पाइपलाइन बिछाने का काम किया जा रहा है. अमृत योजना 2.0 के अंतर्गत किए जा रहे इस काम के चलते इलाके में आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम की लापरवाही के चलते इस तरह के हालात बन रहे हैं. सड़कों की खुदाई और 15 से 20 फुट के गड्ढे खोदे जाने के बावजूद भी सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए हैं. ना तो डायवर्सन के बोर्ड लगाए गए हैं, और ना ही लोगों को सावधानी से वाहन चलाने की अपील वाले फलक इलाके में दिखाई दे रहे हैं, जिससे लोग हादसों के शिकार हो रहे हैं. लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए पुलिस इन इलाकों में तेज रफ्तार से गाड़ी ना चलने की अपील कर रही है.

ये भी पढ़ें: उमा भारती के खिलाफ मानहानि केस में स्टेटस रिपोर्ट तलब, दिग्विजय सिंह ने याचिका खारिज होने के बाद HC में लगाई थी गुहार

ज़रूर पढ़ें